
ग्रीम स्मिथ ने साउथ अफ्रीका को दे दिया टेस्ट सीरीज जीतने के लिए ‘ब्रह्म ज्ञान’, बोले- कोलकाता में…
India vs South Africa Test Series को लेकर ग्रीम स्मिथ ने कहा है कि साउथ अफ्रीका को अगर इस सीरीज में कुछ करना है तो फिर कोलकाता टेस्ट मैच में अच्छी शुरुआत करनी होगी। 14 नवंबर से ये मैच ईडन गार्डेंस में खेला जाना है।
साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर ग्रीम स्मिथ ने माना है कि साउथ अफ्रीका की टीम के मौजूदा बल्लेबाज और गेंदबाज दो मैचों की टेस्ट सीरीज में भारत को भरपूर चुनौती देंगे। ग्रीम स्मिथ ने माना है कि 20 विकेट जरूरी हैं, लेकिन बोर्ड पर आपको रन भी चाहिए। स्मिथ ने कहा है कि साउथ अफ्रीका को सीरीज जीतनी है तो कोलकाता में अच्छी शुरुआत करनी होगी। साउथ अफ्रीका ने साल 2010 से भारत में एक टेस्ट मैच तक नहीं जीता है, जबकि सीरीज जीते उन्हें 25 साल गुजर गए हैं। ऐसे में कल यानी शुक्रवार 14 नवंबर से शुरू हो रही टेस्ट सीरीज अहम होगी।
ग्रीम स्मिथ से बुधवार 12 नवंबर को मुंबई में एसए20 इंडिया इवेंट में इंडिया वर्सेस साउथ अफ्रीका सीरीज को लेकर भविष्यवाणी करने को कहा गया था। इस पर उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि ईडन गार्डन्स हमारे लिए शुरुआत करने के लिए कोई बुरी जगह नहीं है। मुझे लगता है कि भले ही पिच ड्राई हो, फिर भी यह एक बड़ा मैदान है जहां बल्लेबाज आकर रन बना सकते हैं। मुझे लगता है कि दक्षिण अफ्रीकी टीम के लिए यही सबसे अहम बात है।”
स्मिथ ने आगे स्पिनरों की बात की और कहा, "महाराज और हार्मर के रूप में मुझे दो स्पिन विकल्प पसंद हैं। मुझे लगता है कि वे खेल को नियंत्रित कर सकते हैं और गेंद को टर्न करा सकते हैं, इसलिए विकेट लेने की क्षमता मेरे हिसाब से सबसे अहम है। एक टेस्ट मैच में 20 विकेट लेना जाहिर तौर पर सबसे जरूरी चीज है, लेकिन मुझे लगता है कि बल्लेबाजी, अगर वे इस पहले टेस्ट मैच में कुछ रन बनाने का कोई तरीका ढूंढ लेते हैं और थोड़ा आत्मविश्वास हासिल कर लेते हैं, तो मुझे लगता है कि वे प्रतिस्पर्धा कर सकते हैं।"
साउथ अफ्रीका की टीम मौजूदा समय में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन है और पाकिस्तान की कठिन परिस्थितियों में 1-1 से सीरीज जीतकर भारत आई है। ऐसे में टीम इंडिया को कड़ी चुनौती मिलने वाली है। तीन स्पिनर उनके पास हैं और बल्लेबाज भी लय में हैं। कप्तान तेम्बा बावुमा की भी वापसी हो गई है, जो अभी तक टेस्ट सीरीज नहीं हारे हैं। ऐसे में ये अपने आप में भारतीय टीम के लिए एक चुनौती है।






