Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़Graeme Smith labels India Bowling Coach Morne Morkel an enemy cautions against Jasprit Bumrah Ahead of IND vs SA Series
भारतीय कोच मोर्ने मोर्कल को ग्रीम स्मिथ ने करार दिया 'दुश्मन', जसप्रीत बुमराह को लेकर किया सतर्क

भारतीय कोच मोर्ने मोर्कल को ग्रीम स्मिथ ने करार दिया 'दुश्मन', जसप्रीत बुमराह को लेकर किया सतर्क

संक्षेप: दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ ने भारतीय टीम के बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्कल को 'दुश्मन' करार दिया है। उन्होंने धाकड़ तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लेकर दक्षिण अफ्रीका को सतर्क किया है।

Wed, 12 Nov 2025 08:10 PMMd.Akram मुंबई, भाषा
share Share
Follow Us on

पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ ने बुधवार को कहा कि दक्षिण अफ्रीका को शुक्रवार से शुरू हो रही दो टेस्ट मैच की सीरीज में स्पिनरों के आने से पहले भारत के मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के घातक शुरुआती स्पैल से निपटने का तरीका ढूंढना होगा। स्मिथ ने कहा कि कोई भी टीम स्पिनरों के आने से पहले तेज गेंदबाजों के खिलाफ विकेट नहीं गंवाना चाहेगी।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

'अफ्रीकी टीम इसकी तैयारी कर रही होगी'

एसए20 लीग के आयुक्त स्मिथ ने मुंबई में मीडिया से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि जब आप उपमहाद्वीप में क्रिकेट खेलते हैं तो यह कभी भी लोगों की बातचीत का विषय नहीं होता है लेकिन मुझे लगता है कि दक्षिण अफ्रीकी टीम निश्चित रूप से इस बात की तैयारी कर रही होगी कि वे स्पिन का सामना कैसे करेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन एक ठोस शुरुआत करना, शीर्ष तीन बल्लेबाजों का होना जो आपके लिए एक मंच तैयार कर सकें। इससे बुरा कुछ नहीं हो सकता कि आप स्पिनरों के आने से पहले दो या तीन बल्लेबाजों के विकेट गंवा दें और मैच में चीजें पहले ही आपके खिलाफ हो जाएं।’’ स्मिथ ने कहा, ‘‘इसलिए बुमराह का सामना करना एक बड़ी बात होगी और भारत के लिए (कागिसो) रबाडा का। वे विश्वस्तरीय गेंदबाज हैं और उनका टेस्ट रिकॉर्ड विश्वस्तरीय है।’’

ये भी पढ़ें:IND-SA टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले 5 प्लेयर, कोहली से आगे तीन दिग्गज

'यहां खेलने के लिए खेल और सोच को...'

स्मिथ ने कहा कि रबाडा के लिए नई गेंद से टीम की लय तय करना विशेष तौर पर एक चुनौती होगी। उन्होंने कहा, ‘‘रबाडा के लिए उपमहाद्वीप में आना एक बड़ी चुनौती है। वह निश्चित रूप से आक्रमण का अगुआ है और वह नई गेंद से लय कैसे तय करता है यह टेम्बा (बावुमा) और टीम के लिए महत्वपूर्ण होगा।’’ पूर्व कप्तान ने कहा कि दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों को कोलकाता में पहले टेस्ट में जिम्मेदारी लेनी होगी। स्मिथ ने कहा, ‘‘तथ्य यह है कि ए टीम के कई खिलाड़ी टीम में हैं और जाहिर है उस (पाकिस्तान के खिलाफ) टेस्ट सीरीज में उपमहाद्वीप में थोड़ा क्रिकेट खेल चुके हैं जो हमेशा महत्वपूर्ण होता है। यहां खेलने के लिए आपके खेल और सोच को अनुकूल बनाने की जरूरत होती है।’’ स्मिथ ने कहा कि बावुमा की टीम के लिए अच्छी शुरुआत करना बेहद होगा क्योंकि उपमहाद्वीप में वापसी करना कभी आसान नहीं होता।

ये भी पढ़ें:ये बड़ी चुनौती; दक्षिण अफ्रीका की स्पिन तिकड़ी से डरी हुई है टीम इंडिया!

'मोर्ने मोर्कल दुश्मन हैं, गलत टीम में हैं'

उन्होंने यह भी कहा कि केशव महाराज और अनुभवी साइमन हार्मर की मौजूदगी वाला दक्षिण अफ्रीका का स्पिन आक्रमण भारतीय टीम को नुकसान पहुंचा सकता है लेकिन रबाडा की अगुवाई वाला तेज गेंदबाजी आक्रमण रिवर्स स्विंग को कैसे संभालता है, यह भी महत्वपूर्ण होगा। स्मिथ ने कहा, ‘‘दक्षिण अफ्रीका एक अच्छे गेंदबाजी आक्रमण के साथ यहां पहुंचा है, खासकर स्पिन विभाग में। महाराज और हार्मर निश्चित रूप से नुकसान पहुंचा सकते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वे खेल को नियंत्रित कर सकते हैं और उनके पास गेंद को टर्न कराने की क्षमता है जो स्पिन के साथ विकेट लेने का विकल्प है और फिर देखना होगा कि रबाडा और उनके जैसे खिलाड़ी रिवर्स स्विंग को कैसे संभालते हैं।’’ स्मिथ ने अपने पूर्व साथी और अब भारत के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल पर चुटकी लेते हुए कहा कि वह उनके दुश्मन हैं। उन्होंने मजाक में कहा, ‘‘आप जानते हैं कि वह अब दुश्मन हैं। मोर्ने गलत टीम में हैं।’’

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram
मोहम्मद अकरम, लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। अकरम को पत्रकारिता में 8 साल से ज्यादा का अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं। अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |