
ईश्वर ने भारतीय टीम की नियति में लिखा कि...चैंपियन बनने के बाद ये क्या बोल गईं दीप्ति शर्मा?
दीप्ति शर्मा ने भारत को आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाई। दीप्ति ने गेंद और बल्ले से कमाल का प्रदर्शन किया। भारतीय महिला टीम ने पहली बार आईसीसी ट्रॉफी अपने नाम की है।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम का 52 सालों का इंतजार खत्म हो चुका है। मेजबान भारत ने रविवार को आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का खिताब अपने नाम किया। भारत ने नवी मुंबई के डी वाई पाटिल स्टेडियम में आयोजित फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से शिकस्त दी। स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। वह प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहीं। उन्होंने गेंद और बल्ले से छाप छोड़ी। 28 वर्षीय दीप्ति ने सर्वाधिक 22 विकेट चटकाए। उन्होंने साथ ही 215 रन बनाए। उन्होंने फाइनल में अर्धशतक लगाने के अलावा पांच विकेट झटके थे।

दीप्ति ने भारतीय महिला टीम के पहली बार आईसीसी ट्रॉफी जीतने के बाद कहा कि अपनी धरती पर खिताब जीतना टीम की नियति में था। भारतीय ऑलराउंडर ने सोमवार को पीटीआई वीडियो से कहा, ''मुझे अच्छा लग रहा है। वर्ल्ड कप में पहले मैच से लेकर मैने वैसा ही प्रदर्शन किया जो एक सीनियर खिलाड़ी के तौर पर करना चाहती थी। फाइनल में ऐसा प्रदर्शन करने से बढ़कर कुछ नहीं हो सकता।'' आईसीसी ट्रॉफी के लिए लंबे इंतजार को लेकर उन्होंने कहा, ''वर्ल्ड कप जीतने में काफी समय लगा लेकिन ईश्वर ने हमारी नियति में लिखा था कि हम भारत में ही यह खिताब जीतेंगे।''
हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम टूर्नामेंट में एक समय लड़खड़ा गई थी। भारत ने लगातार तीन मैच गंवा दिए थे लेकिन खिलाड़ियों ने सकारात्मकता का दामन नहीं छोड़ा। दीप्ति ने कहा, ''डी वाई पाटिल स्टेडियम की मेरी कई सुखद यादें हैं। हमने यहां सारी सीरीज जीती हैं। एक टीम के रूप में हम काफी सकारात्मक रहे। नतीजा चाहे जो हो, हम एक टीम की तरह खेले।'' उन्होंने आगे कहा, ''हम यह खिताब जीतना चाहते थे क्योंकि यह टूर्नामेंट भारत में हो रहा था। हर गेंद पर लग रहा था कि यह मैच जल्दी खत्म होगा और हम जीतेंगे। अब वह इंतजार खत्म हो गया।''






