ग्लेन मैकग्रा ने बताया टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंचेंगी कौन सी दो टीमें, भारत को क्यों किया आगाह?
ऑस्ट्रेलिया के महान तेज गेंदबाज ग्लेन मैकग्रा को उम्मीद है कि टी20 विश्व कप के फाइनल में भारत और दक्षिण अफ्रीका की भिड़ंत होगी। हालांकि उन्होंने साथ में टीम इंडिया को आगाह भी किया है कि सेमीफाइनल में वह इंग्लैंड को हल्के में लेने की भूल करने से बचे।

ऑस्ट्रेलिया के महान तेज गेंदबाज ग्लेन मैकग्रा को उम्मीद है कि टी20 विश्व कप के फाइनल में भारत और दक्षिण अफ्रीका की भिड़ंत होगी। हालांकि उन्होंने साथ में टीम इंडिया को आगाह भी किया है कि सेमीफाइनल में वह इंग्लैंड को हल्के में लेने की भूल करने से बचे। मैकग्रा ने कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ मैच में भारत को सतर्क रहने की जरूरत है।
इंग्लैंड खतरनाक टीम: मैकग्रा
टाइम्स ऑफ इंडिया ने अपनी एक रिपोर्ट में ग्लेन मैकग्रा को कोट किया है, ‘इंग्लैंड एक खतरनाक टीम है। अगर उस दिन वे वाकई क्लिक कर गए तो वे कुछ भी कर सकते हैं। हालांकि वे खुशकिस्मत भी हैं। नेपाल को उन्हें हराना चाहिए था। इटली का मुकाबला भी बहुत करीबी था। इसलिए उन्होंने जीत का रास्ता पा लिया है। हो सकता है कि इससे उन्हें कॉन्फिडेंस मिले।’
दक्षिण अफ्रीका बनाम भारत के फाइनल की भविष्यवाणी
इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में भारत का पलड़ा भारी बताते हुए दिग्गज गेंदबाज ने कहा, ‘अगर भारत इस टूर्नामेंट में अब तक जैसे खेलता रहा है, वैसा ही खेला और इंग्लैंड भी जिस तरह से खेला है, वैसा ही खेला तो भारत की जीत होगी। फाइनल में कौन सी दो टीमें जाएंगी अगर मुझसे ये पूछा जाए तो मैं दक्षिण अफ्रीका और भारत के साथ जाऊंगा।’
मैं जसप्रीत बुमराह का बड़ा फैन: मैकग्रा
पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा कि सेमीफाइनल में भारत का गेंदबाजी आक्रमण बहुत महत्वपूर्ण साबित होगा। मैकग्रा ने कहा, ‘भारत के पास अच्छा गेंदबाजी आक्रमण है। अर्शदीप सिंह अच्छा कर रहे हैं और बुमराह क्वालिटी बोलर हैं। बुमराह बड़े मैचों के खिलाड़ी हैं। कभी-कभी बड़े मैच के दौरान ये खिलाड़ी अपने खेल के स्तर को ऊंचा उठा लेते हैं। यह सिर्फ एक सामान्य मैच है। मैं ये नहीं कह रहा कि इस पर फोकस नहीं होगा लेकिन वैसे खिलाड़ी ऐसे बड़े मौकों को पसंद करते हैं, बड़े मैचों को पसंद करते हैं। मुझे तब बुमराह में पूरा भरोसा है जब मैच बड़ा हो। मैं उनका बहुत बड़ा फैन हूं।’
न्यूजीलैंड के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका का पलड़ा भारी: मैकग्रा
मैकग्रा ने दक्षिण अफ्रीका से खासे प्रभावित दिखे। उन्होंने कहा, 'कुछ समय पहले वे आए और कहां कि अब वे टी20 क्रिकेट पर फोकस कर रहे हैं। उनके पास अच्छे हिटर हैं और बोलिंग अटैक भी बहुत अच्छा है।'
ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ने भविष्यवाणी की कि न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका की जीत होगी। उन्होंने कहा, 'न्यूजीलैंड जब भी दक्षिण अफ्रीका का सामना करती है तो उसे कुछ हो जाता है। दक्षिण अफ्रीका आसानी से जीत जाएगी, मुझे नहीं पता कि क्यों।'
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय, असिस्टेंट एडिटर
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ें



