विराट कोहली हैं वनडे क्रिकेट के किंग, ग्लेन मैक्सवेल बोले- उन्होंने हमारे खिलाफ…
विराट कोहली की तारीफ ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने की है और उन्होंने विराट को वनडे क्रिकेट का बेस्ट बैटर बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने हमारे खिलाफ कई बेहतरीन पारियां खेली हैं।

भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली जिस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा अच्छे हैं, उस फॉर्मेट को अभी भी खेल रहे हैं। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट और टेस्ट क्रिकेट को वे अलविदा कह चुके हैं, लेकिन वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में अभी भी एक्टिव हैं। ऑस्ट्रेलिया की टीम के पूर्व ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने भी माना है कि विराट कोहली वनडे में बेस्ट हैं। यहां तक कि उन्होंने इस बात को भी कबूल किया है कि विराट ने उनकी टीम के खिलाफ कई बेहतरीन पारियां खेली हैं। मैक्सवेल का कहना है कि ऐसा लगता है कि वनडे क्रिकेट में विराट के पास समय ही समय है।
ग्लेन मैक्सवेल ने विराट कोहली को लेकर कीपिंग इट क्रिकेट यूट्यूब चैनल पर कहा, “वनडे क्रिकेट में मैंने कोहली को सबसे अच्छा देखा है, उन्होंने हमारे खिलाफ जो इनिंग्स खेली हैं, उनमें से कुछ जबरदस्त रही हैं। उनके पास ज्यादा समय है और वह फील्ड में जहां चाहें गेंद डाल सकते हैं। उनका अलग ही लेवल है।” विराट अकेले दम पर मैच जिताने का दम रखते हैं और भारतीय टीम को दर्जनों मैच वे अकेले जिता चुके हैं।
विराट के आंकड़े देते हैं गवाही
वाकई में विराट कोहली के आंकड़े अपने आप में इस बात की गवाही देते हैं कि वह वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में कितने बेहतरीन बल्लेबाज हैं। भले ही वे अभी इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज नहीं हैं, लेकिन सबसे ज्यादा शतक बनाने का विश्व रिकॉर्ड उन्हीं के नाम दर्ज है। वे एकमात्र बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 50 ओवर के फॉर्मेट में 50 या इससे ज्यादा शतक जड़े हैं। रन चेज में भी विराट कोहली के नाम सबसे ज्यादा शतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड दर्ज है। कई टीमों ने इतने शतक रन चेज में नहीं जड़े, जितने अकेले विराट जड़ चुके हैं।
विराट कोहली का वनडे करियर
दाएं हाथ के बल्लेबाज विराट कोहली ने अब तक 314 वनडे इंटरनेशनल मैच खेले हैं और उनकी 302 पारियों में वे अब तक 14941 रन बना चुके हैं। 58.59 का उनका औसत है, जबकि स्ट्राइक रेट करीब 94 का है। वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में ये बेहतरीन औसत और स्ट्राइक रेट है। शतकों की बात करें तो उनके बल्ले से अब तक 54 शतक आ चुके हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट के किसी भी फॉर्मेट में इतने शतक किसी बल्लेबाज के नाम दर्ज नहीं हैं। 79 अर्धशतक भी उनके बल्ले से निकले हैं। उनका बेस्ट स्कोर 183 है, जो उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ अपने करियर के शुरुआती दिनों में बनाया था।



