गौतम गंभीर को इन 2 खिलाड़ियों को अच्छे से ट्रीट करना चाहिए था, जाफर ने कोच पर साधा सीधा निशाना
गौतम गंभीर पर भारतीय टीम के दो स्टार खिलाड़ियों को अच्छे से ट्रीट नहीं करने का आरोप लगा है। वसीम जाफर ने कहा है कि उन्हें बेहतर तरीके से हैंडल किया जा सकता था। ये कोई और नहीं, बल्कि सूर्या और शमी हैं।

गौतम गंभीर जब से टीम इंडिया के हेड कोच बने हैं, तब से टीम इंडिया के लिए बहुत सी चीजें अच्छी हुई हैं और बहुत सी चीजें खराब भी हुई हैं। दो आईसीसी टाइटल भारत उनके साथ जीता है, लेकिन वनडे और टेस्ट फॉर्मेट में उनका ट्रैक रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा। इसके अलावा उन्होंने टीम से स्टार कल्चर को खत्म किया है। अब उन पर दो स्टार प्लेयर्स को अच्छे से ट्रीट नहीं करने का आरोप लगा है। वसीम जाफर ने कहा है कि गंभीर को सूर्यकुमार यादव और मोहम्मद शमी को और बेहतर तरीके से हैंडल करना चाहिए था।
टी20 विश्व कप जीतने के बाद सूर्यकुमार यादव को टीम से बाहर कर दिया गया, जबकि मोहम्मद शमी ने कई बार मैनेजमेंट और सिलेक्टर्स पर निशाना साधते हुए देखा गया, क्योंकि उनकी कई बार अनदेखी की गई। वसीम जाफर ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "कुछ लोगों के साथ बेहतर बर्ताव हो सकता था, जैसे सूर्यकुमार यादव, जिन्हें (T20) वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम से निकाल दिया गया था। शमी जैसे दूसरे खिलाड़ी भी हैं। कुछ चीजें बेहतर हो सकती थीं, लेकिन इसके अलावा, मुझे नहीं लगता कि व्हाइट-बॉल क्रिकेट में उन पर कोई इल्जाम लगाया जा सकता है।"
इसके बाद उन्होंने न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका से घर में मिली टेस्ट सीरीज हार के बुरे असर के बारे में भी बात की और कहा, "उन दो व्हाइटवॉश सीरीज का असर हमेशा उन पर रहेगा, इसमें कोई शक नहीं। सिर्फ उनके CV पर ही नहीं, बल्कि कप्तान और दूसरे खिलाड़ियों पर भी। भारत आकर उन्हें हराना एक आखिरी मुकाम था जो बहुत सी टीमें हासिल नहीं कर पाई थीं। हमारे लिए अचानक इस तरह हारना बहुत बुरा था। उन्हें जरूर लगेगा कि अगर हम वे सीरीज जीत जाते, तो हम WTC टेबल में टॉप पर होते। टेस्ट क्रिकेट में उनके लिए सुधार की बहुत गुंजाइश है। सिर्फ उनके लिए ही नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के लिए भी।"
घर पर दो सीरीज हार गया भारत
टीम इंडिया ने अक्टूबर-नवंबर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ घर पर 3-0 से टेस्ट सीरीज गंवाई थी। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में कोई भी टीम भारत को घर में 3 या इससे ज्यादा मैचों की सीरीज में क्लीन स्वीप नहीं कर पाई थी। यहां तक कि पिछले 12 साल में भारत ने कोई सीरीज भी घर पर नहीं गंवाई थी। इसके बाद नई डब्ल्यूटीसी साइकिल में भारत को घर पर साउथ अफ्रीका ने 2-0 से रौंद दिया, जो डब्ल्यूटीसी की मौजूदा चैंपियन भी है।



