गौतम गंभीर ऑलराउंडर के मोह में कर रहे टीम इंडिया का नुकसान? सुब्रमण्यम बद्रीनाथ ने दागे सवाल
सुब्रमण्यम बद्रीनाथ ने गौतम गंभीर के ऑलराउंडर से लगाव को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उनका मानना है कि मौजूदा हरफनमौला खिलाड़ियों को चोट की समस्या के बावजूद लगातार टीम में चुना जा रहा है।

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का आगाज रविवार से होने वाला है। भारतीय टीम आगामी सीरीज के लिए दिल्ली पहुंच गई है। अफगानिस्तान की मेजबानी में होने वाली इस सीरीज में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम खेलने उतरेगी। इस बार भी खिलाड़ियों के चोटों से टीम परेशान है। कई खिलाड़ी चोट की वजह से शुरुआत में उपलब्ध नहीं थे लेकिन हाल ही में उन्होंने फिटनेस टेस्ट पास किया, जिसमें नीतीश रेड्डी और बुमराह का नाम शामिल है। अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले से पहले पूर्व क्रिकेटर सुब्रमण्यम बद्रीनाथ ने गौतम गंभीरके लगातार ऑलराउंडर को तवज्जों देने को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उनका मानना है कि भारतीय मुख्य कोच द्वारा हरफनमौला खिलाड़ियों को बरकरार रखने की रणनीति की वजह से फिटनेस की समस्या होने के बावजूद उनका चयन किया जा रहा है।
बद्रीनाथ ने ऑलराउंडर के चयन पर उठाए सवाल
पूर्व क्रिकेटर का मानना है कि इस रणनीति के तहत अभी तक भारत को हार्दिक पांड्या की कमी को पूरा करने वाले ऑलराउंडर की तलाश पूरी नहीं हो सकी है। अफगानिस्तान सीरीज के लिए चुने गए स्क्वॉड में हर्षित राणा, वॉशिंगटन सुंदर और नीतीश कुमार रेड्डी हैं। शुरुआत में इन तीनों की उपलब्ध फिटनेस के अधीन थी। हालांकि सीरीज से पहले हर्षित चोट से उबर नहीं पाने के कारण बाहर हो गए। जबकि नीतीश कुमार रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर हाल ही में फिट हुए हैं। अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए पूर्व क्रिकेटर सुब्रमण्यम बद्रीनाथ ने गौतम गंभीर के लगातार इस तिकड़ी को सपोर्ट करने के सोच पर सवाल उठाए हैं।
सुब्रमण्यम बद्रीनाथ ने कहा, ''ये तीनों ऑलराउंडर की कैटेगरी में आते हैं। इसमें सुंदर और नितीश निश्चित तौर पर ऑलराउंडर हैं। लेकिन हर्षित राणा को वो ऑलराउंडर बनाने की काफी ज्यादा कोशिश कर रहे हैं। गौतम गंभीर ऑलराउंडर और बहुआयामी क्रिकेटर बनाने पर अड़े हुए लगते हैं। इसी चक्कर में ये तीन चोटिल होने के बावजूद लगातार चुने जा रहे हैं।''
ईशान हुए चोटिल
भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन शुक्रवार को टीम के नेट सत्र के दौरान पीठ में खिंचाव के कारण असहज नजर आए, जिससे अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले उनकी फिटनेस को लेकर चिंता बढ़ गई है। किशन तेज गेंदबाजों के नेट में बल्लेबाजी कर रहे थे। इसी दौरान नवदीप सैनी ने शरीर को निशाना बनाकर शॉर्ट गेंद डाली। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने उछाल लेती गेंद से बचने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान उनकी पीठ में खिंचाव आ गया।



