भारत-पाकिस्तान के बाद गैरी कर्स्टन बने श्रीलंका के हेड कोच, दो साल की हुई डील; SLC ने क्यों उठाया ये कदम?
गैरी कर्स्टन श्रीलंका के नए हेड कोच नियुक्त किए गए हैं। कर्स्टन भारत और पाकिस्तान के कोच रह चुके हैं। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) और कर्स्टन के बीच दो साल की डील हुई है।

भारत की विश्व कप विजेता टीम के पूर्व कोच गैरी कर्स्टन को सोमवार को श्रीलंका क्रिकेट टीम का हेड कोच नियुक्त किया गया। उनका अनुबंध 15 अप्रैल से शुरू होगा। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व सलामी बल्लेबाज कर्स्टन ने खिलाड़ी के तौर पर शानदार करियर के बाद एक सफल कोच के रूप में अपनी पहचान बनाई। वह 14 अप्रैल, 2028 तक इस पद पर बने रहेंगे और मुख्य रूप से दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में आयोजित होने वाले 2027 वनडे विश्व कप के लिए श्रीलंका की तैयारियों की देखरेख करेंगे।
श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने एक मीडिया विज्ञप्ति में इस नियुक्ति की पुष्टि करते हुए कहा कि यह कदम राष्ट्रीय हाई परफॉर्मेंस केंद्र की संरचना को नया रूप देने और प्रमुख वैश्विक आयोजनों से पहले राष्ट्रीय टीम को मजबूत करने के व्यापक प्रयासों का हिस्सा है। कर्स्टन अपने साथ अंतरराष्ट्रीय कोचिंग का व्यापक अनुभव लेकर आए हैं, क्योंकि उन्होंने 2008 से 2011 तक अपने कार्यकाल के दौरान भारत को 2011 विश्व कप का खिताब दिलाया था। भारत के साथ अपने सफल कार्यकाल के बाद 58 वर्षीय कर्स्टन ने 2011 से 2013 के बीच दक्षिण अफ्रीका के मुख्य कोच के रूप में भी कार्य किया। इस दौरान प्रोटियाज तीनों प्रारूपों में नंबर एक रैंकिंग वाली टीम बन गई। वह 2024 में कुछ महीने तक पाकिस्तान के कोच भी रहे।
कर्स्टन हाल ही में क्रिकेट नामीबिया से जुड़े थे और उन्होंने हाल ही में संपन्न हुए टी20 विश्व कप के दौरान सलाहकार के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं। एसएलसी ने एक विज्ञप्ति में कहा, ''कर्स्टन की मुख्य जिम्मेदारियों में आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2027 के लिए श्रीलंका राष्ट्रीय पुरुष टीम की तैयारी और अभियान में मार्गदर्शन करना शामिल होगा।'' कर्स्टन 1993 से 2004 तक अपने खेल करियर के दौरान दक्षिण अफ्रीका के सबसे सफल बल्लेबाजों में से एक थे। उन्होंने टेस्ट और वनडे अंतरराष्ट्रीय मैचों में कुल 14,087 रन बनाए हैं। उनके नाम टेस्ट में 21 शतक और वनडे में 13 शतक हैं।
श्रीलंका टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सेमीफाइनल में जगह नहीं बना पाया था। श्रीलंका टूर्नामेंट का सह मेजबान था। श्रीलंका ने सुपर-8 में अपने सभी मैचों में हार का सामना किया। कप्तान दासुन शनाका (नाबाद 76) की शानदार पारी आखिरी सुपर-8 मैच में श्रीलंका को पांच रन की करीबी हार से नहीं बचा सकी थी लेकिन पाकिस्तान को टी20 विश्व कप से बाहर कर दिया, जिससे न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंचा। श्रीलंका को लक्ष्य का पीछा करते हुए आखिरी ओवर में 24 रन चाहिए थे। श्रीलंकाई कप्तान ने शाहीन शाह अफरीदी की गेंद पर लगातार तीन छक्के और एक चौका मारे जिससे आखिरी गेंद पर छह रन की जरूरत थी। लेकिन शनाका ने आखिरी गेंद को यह सोचकर छोड़ दिया कि इसे वाइड कहा जाएगा जिसे मैदानी अंपायर ने वाइड करार नहीं दिया।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



