
दिनेश कार्तिक भी श्रेयस अय्यर के सपोर्ट में उतरे, चयनकर्ताओं से पूछे कड़े सवाल
दिनेश कार्तिक ने श्रेयस अय्यर को टीम में शामिल नहीं किए जाने के फैसले को गलत बताया है। उनका मानना है कि श्रेयस बतौर लीडर और बल्लेबाज टीम के लिए काफी योगदान दे सकते हैं।
पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने एशिया कप टीम में श्रेयस अय्यर को नहीं चुने जाने पर हैरानी जताई है। उन्होंने इसे अनुचित बताया है। बीसीसीआई ने मंगलवार को यूएई में नौ सितंबर से शुरू हो रहे एशिया कप के लिये 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान किया। हालांकि इस टीम में श्रेयस अय्यर को जगह नहीं दी गई। कार्तिक से पहले भारत के पूर्व सहायक कोच अभिषेक नायर सहित कई पूर्व क्रिकेटर ने चयनकर्ताओं के फैसले की निंदा की। वहीं कईयों ने ये भी कहा कि यह संकेत है कि अब टी20 क्रिकेट में श्रेयस के लिये जगह नहीं है।

श्रेयस अय्यर ने बतौर कप्तान पंजाब किंग्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 2014 के बाद पहली बार टीम को फाइनल तक पहुंचाया। हालांकि फाइनल में टीम को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। अय्यर को टीम से बाहर किए जाने के बारे में पूछे जाने पर अगरकर ने कहा, ‘‘श्रेयस के बारे में आपको उसे बताना होगा कि वह किसकी जगह ले सकता है। इसमें ना तो उसकी गलती है और ना ही हमारी। बस हमें अभी 15 खिलाड़ियों को चुनना है, उसे अपने मौके का इंतजार करना होगा।’’
दिनेश कार्तिक ने इंस्टाग्राम पर शेयर वीडियो में कहा, ''श्रेयस अय्यर कहां हैं? ये बड़ा सवाल है, है ना? वह कैसे बाहर हो सकता है? एक समय पर ये समझ मे आता है। टीम के प्रदर्शन को देखते हुए वह 15 का हिस्सा नहीं है। टीम ने 20 में से 17 मैच जीते हैं, इसलिए ठीक है। सही है। लेकिन उसे पांच खिलाड़ियों के स्टैंडबाय में भी जगह नहीं देना, आपने टी-20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए निकट भविष्य के लिए क्या योजना बनाई है?"
उन्होंने आगे कहा, ''उसके लिए दरवाजे बंद हैं? ये थोड़ा अनुचित होगा और मुझे उम्मीद ये नहीं होगा। क्योंकि उन्होंने एक कप्तान के रूप में तो शानदार प्रदर्शन किया ही है, साथ ही दबाव में बल्लेबाज के रूप में भी उनका प्रदर्शन और भी बेहतर रहा है।"




