
PSL में खेलने के लिए CSK-RCB के कप्तान रहे फाफ डुप्लेसी ने IPL को ठुकराया, नीलामी से खींचे कदम
चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पूर्व कप्तान फाफ डुप्लेसी ने IPL 2026 में हिस्सा न लेने का चौंकाने वाला फैसला किया है। उन्होंने आईपीएल नीलामी से हटने का फैसला किया है और पीएसएल में खेलने की इच्छा जताई है।
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डुप्लेसी ने शनिवार को कहा कि वह 14 साल में पहली बार इंडियन प्रीमियर लीग में हिस्सा नहीं लेंगे लेकिन 2026 में पाकिस्तान सुपर लीग में मौका तलाशेंगे। डुप्लेसी ने 2012 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल में पदार्पण किया था और 398 रन बनाकर छाप छोड़ी थी। बाद में उन्होंने 2018 और 2021 में सीएसके के साथ दो बार आईपीएल का खिताब जीता।
डुप्लेसी ने ‘एक्स’ में एक पोस्ट में कहा, ‘‘ आईपीएल में 14 सत्र के बाद मैंने इस साल नीलामी में अपना नाम नहीं डालने का फैसला किया है। यह एक बड़ा फैसला है और जब मैं पीछे मुड़कर देखता हूं तो बहुत शुक्रगुजार होता हूं। यह लीग मेरे सफर का एक बड़ा हिस्सा रही है। ’’ लेकिन उन्होंने भविष्य में लीग में वापसी की बात की। उन्होंने कहा, ‘‘मैं भाग्यशाली रहा हूं कि मुझे विश्व स्तरीय साथियों के साथ कमाल की फ्रेंचाइजी के लिए खेलने का मौका मिला और ऐसे प्रशंसकों के सामने खेलने का मौका मिला जिनका जुनून किसी और चीज जैसा नहीं है। ’’
डुप्लेसी ने कहा, ‘‘चौदह साल लंबा समय है और मुझे इस बात पर गर्व है कि यह अध्याय मेरे लिए क्या मायने रखता है। भारत मेरे दिल में एक खास जगह रखता है और यह कोई गुडबाय नहीं है। ’’ लेकिन अभी 41 साल का यह खिलाड़ी पीएसएल के साथ एक नए सफर पर निकलने के लिए तैयार है जो मार्च और मई 2026 के बीच आईपीएल के साथ ही होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘इस साल मैंने एक नई चुनौती लेने का फैसला किया है। मैं आने वाले पीएसएल सत्र में खेलूंगा। यह मेरे लिए एक रोमांचक कदम है, कुछ नया अनुभव करने, एक खिलाड़ी के तौर पर खुद को बेहतर बनाने और जबरदस्त प्रतिभाओं और ऊर्जा से भरी लीग को अपनाने का मौका। ’’ डुप्लेसी पहले ही पीएसएल में क्वेटा ग्लैडिएटर्स और पेशावर जालमी के लिए खेल चुके हैं जिसमें उन्होंने दो सत्र में छह मैच खेले हैं। सीएसके के अलावा इस दाएं हाथ के खिलाड़ी ने आईपीएल 2022 और 2024 के बीच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की कप्तानी भी की थी।
दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें आईपीएल 2025 से पहले खरीदा था लेकिन उनका योगदान नौ मैच में सिर्फ 202 रन था। उन्होंने 2016 और 2017 में अब बंद हो चुकी राइजिंग पुणे सुपर जायंट्स की जर्सी भी पहनी थी। कुल मिलाकर डुप्लेसी ने 154 आईपीएल मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 35.09 के औसत से 4,773 रन बनाए हैं।






