
मैं तो ऐसा नहीं करता...शुभमन गिल और गौतम गंभीर के फैसले पर पूर्व भारतीय कप्तान ने उठाया सवाल
संक्षेप: पूर्व भारतीय कप्तान कृष्णमाचारी श्रीकांत ने शुभमन गिल और गौतम गंभीर के दिल्ली टेस्ट में पारी घोषित करने के फैसले पर सवाल उठाया है। भारत ने 518/5 के स्कोर पर पारी घोषित करने के बाद वेस्टइंडीज को फॉलोऑन दिया था।
भारत ने वेस्टइंडीज का दो टेस्ट मैचों की सीरीज में सूपड़ा साफ कर दिया। भारत ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गया दूसरा मैच पांचवें दिन सात विकेट से जीता। पूर्व भारतीय कप्तान कृष्णमाचारी श्रीकांत ने शुभमन गिल और गौतम गंभीर के दिल्ली टेस्ट में पारी घोषित करने के फैसले पर सवाल उठाया है। श्रीकांत का मानना है कि कप्तान गिल और हेड कोच गंभीर को 518/5 के स्कोर पर पारी घोषित करने का निर्णय नहीं लेना चाहिए था। भारत ने पारी घोषित करके वेस्टइंडीज को फॉलोऑन दिया था। भारत को पहली पारी के आधार पर 270 रनों की बढ़त मिली थी।

श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "मैं 518 पर पारी घोषित नहीं करता। जब पारी घोषित की गई तो मुझे बहुत हैरानी हुई। अगर भारतीय टीम 600 तक खेलती तो वेस्टइंडीज मनोवैज्ञानिक रूप से गेम से बाहर हो जाती। 518 एक बीच का स्कोर है जबकि 600 होने पर प्रतिद्वंद्वी पूरी तरह से गेम से बाहर हो जाता है। उम्मीद है कि भारत आने वाले समय में किसी भी टीम को इस तरह हल्के में नहीं लेगा।" पूर्व कप्तान का मानना है कि अगर भात को 250 के लक्ष्य का पीछा करना पड़ता तो मुकाबला दिलचस्प होता।
उन्होंने आगे कहा, “भारत को 518 रनों के बजाय 600 पर पारी घोषित करनी चाहिए थी। 518 की वजह से पहली पारी में बढत ज्यादा नहीं थी। 2001 में कोलकाता में भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की हार के बाद बहुत कम टीमें फॉलोऑन देती हैं। अगर भारत को 250 का पीछा करना पड़ता तो यह बहुत दिलचस्प हो सकता था। भारत को एक दिन बल्लेबाजी करनी चाहिए थी और उन्हें मैच खत्म करने के लिए डेढ़ दिन का समय देना चाहिए था। लेकिन भारत का फॉलोऑन के बाद जीतना सकारात्मक है। उन्होंने दिखाया कि वे फॉलोऑन के बाद भी जीत सकते हैं।”
बता दें कि वेस्टइंडीज ने फॉलोऑन के बाद दूसरी पारी में अच्छी बल्लेबाजी की और 390 रन जुटाए। सलामी बल्लेाबज जॉन कैंपबेल ने (115) और शाई होप (103) ने शतक लगाकर मेहमान टीम को पारी की हार से बचाया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 177 रन की साझेदारी की। इसके बाद, जस्टीन ग्रीव्स ने नाबाद 50 रन का योगदान देने के अलावा आखिरी विकेट के लिए जेडेन सील्स (32) के साथ 79 रन की साझेदारी कर भारतीय गेंदबाजों के पसीना छुड़ाए। भारत को 121 रनों का टारगेट मिला था।






