पहले क्या किया है भूल जाओ…रोहित शर्मा ने पाकिस्तान के साथ टी20 वर्ल्ड कप मैच से पहले टीम इंडिया को चेताया

Feb 13, 2026 10:11 am ISTChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

पाकिस्तान से टी20 वर्ल्ड कप मैच को लेकर टीम इंडिया को चेताते हुए रोहित शर्मा ने कहा है कि आप यूं ही ये सोचकर नहीं जा सकते कि ये तो हमारे लिए 2 अंकों वाली एक जीत है। आपको उन पॉइंट्स को हासिल करने के लिए उस खास दिन अच्छा क्रिकेट खेलना होगा नहीं तो आपको खाली हाथ घर आना पड़ सकता है।'

पहले क्या किया है भूल जाओ…रोहित शर्मा ने पाकिस्तान के साथ टी20 वर्ल्ड कप मैच से पहले टीम इंडिया को चेताया

टीम इंडिया का टी20 विश्व कप में शानदार अभियान जारी है। गुरुवार को उसने नामीबिया को 93 रनों से हराया। अब वह पाकिस्तान को पछाड़कर एक बार फिर से ग्रुप ए में टॉप पर पहुंच चुकी है। भारत और पाकिस्तान दोनों ने ही इस विश्व कप में अब तक अपने दोनों मैच जीते हैं और अब 15 फरवरी को कोलंबो में दोनों टीमें एक दूसरे के खिलाफ भिड़ने वाली हैं। भारतीय टीम के हौसले बुलंद हैं और विश्व कप मैचों में उसका हमेशा से पाकिस्तान पर दबदबा रहा है। इस बीच 2024 की टी20 वर्ल्ड कप विजेता टीम के कप्तान रहे रोहित शर्मा ने भारतीय टीम को इस अहम मुकाबले से पहले चेतावनी दी है।

भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में महामुकाबला होना है। इसे लेकर रोहित शर्मा ने कहा है कि मैच शुरू होने के बाद पिछले रिकॉर्ड या रैंकिंग मायने नहीं रखेंगे।

दुबई में गुरुवार को एक कार्यक्रम के दौरान रोहित शर्मा ने कहा, 'पहली बात तो ये कि मैंने कभी भी फेवरिट जैसे शब्द में यकीन नहीं करता। यह बहुत ही फनी गेम है और हमने पिछले 10 साल में इंटरनेशनल क्रिकेट में ये बहुत देखा है। इन सभी टीमों को अब टी20 क्रिकेट खेलने का काफी एक्सपोजर है।'

पाकिस्तान से वर्ल्ड कप मैच को लेकर टीम इंडिया को चेताते हुए रोहित शर्मा ने कहा, ‘आप यूं ही ये सोचकर नहीं जा सकते कि ये तो हमारे लिए 2 अंकों वाली एक जीत है। आपको उन पॉइंट्स को हासिल करने के लिए उस खास दिन अच्छा क्रिकेट खेलना होगा नहीं तो आपको खाली हाथ घर आना पड़ सकता है।’

भारत और पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में इससे पहले 8 बार आमने-सामने हो चुकी हैं। इनमें से 6 में भारत ने जीत हासिल की है और सिर्फ एक में हार। 1 मैच टाई रहा है। आंकड़ों से साफ है कि टी20 वर्ल्ड कप में भारत का पाकिस्तान के ऊपर किस कदर दबदबा रहा है। लेकिन रोहित शर्मा का मानना है कि पिछले रिकॉर्ड बेमानी हैं।

रोहित शर्मा ने कहा, ‘इससे फर्क नहीं पड़ता कि आपने पहले क्या किया है, आपकी टीम को क्या पसंद है, खिलाड़ी फॉर्म में हैं या नहीं। आपको उस खास दिन अच्छा खेलना होगा क्योंकि हर टीम अपने किसी खास दिन को किसी भी टीम को हराने की क्षमता रखती है।’

पाकिस्तान के खिलाफ हुए पिछले 5 टी20 इंटरनेशनल मैचों में भारत ने सभी में जीत हासिल की है। टी20 वर्ल्ड कप से पहले दोनों टीमें पिछले साल एशिया कप में एक दूसरे का सामना की थीं। टूर्नामेंट में दोनों टीमें फाइनल समेत 3 बार एक दूसरे से भिड़ीं और तीनों ही बार भारत ने पाकिस्तान को पटखनी दी।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule और Live Cricket Score देखें और Live Hindustan App डाउनलोड करके सभी अपडेट सबसे पहले पाएं।