टी20 विश्व कप से पहले दक्षिण अफ्रीका के 5 खिलाड़ियों के चोटिल होने पर मौरिस ने जताई चिंता

Jan 23, 2026 01:23 pm ISTChandra Prakash Pandey नई दिल्ली, भाषा
share

भारत और श्रीलंका में होने वाले आगामी टी20 विश्व कप के लिए एसए20 लीग को तैयारी के अच्छे मंच के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि पूर्व ऑलराउंडर क्रिस मौरिस ने बृहस्पतिवार को जोहानिसबर्ग में कहा कि इस प्रतिष्ठित आईसीसी प्रतियोगिता से पहले खिलाड़ियों का चोटिल होना ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ है।

टी20 विश्व कप से पहले दक्षिण अफ्रीका के 5 खिलाड़ियों के चोटिल होने पर मौरिस ने जताई चिंता

भारत और श्रीलंका में होने वाले आगामी टी20 विश्व कप के लिए एसए20 लीग को तैयारी के अच्छे मंच के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि पूर्व ऑलराउंडर क्रिस मौरिस ने बृहस्पतिवार को जोहानिसबर्ग में कहा कि इस प्रतिष्ठित आईसीसी प्रतियोगिता से पहले खिलाड़ियों का चोटिल होना ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ है।

एसए20 लीग में प्रत्येक टीम ने कम से कम 10 मैच खेले जबकि इसके तुरंत बाद दक्षिण अफ्रीकी टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैच की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला भी खेलेगी। उसे टी20 विश्व कप में अपना अभियान नौ फरवरी को कनाडा के खिलाफ शुरू करना है।

दक्षिण अफ्रीका को टी20 स्क्वाड में करने पड़े 2 बदलाव

दक्षिण अफ्रीका को टी20 विश्व कप की अपनी 15 सदस्यीय टीम में दो बदलाव करने के लिए बाध्य होना पड़ा जब उसने चोटिल टोनी डि जॉर्जी और डोनोवन फरेरा की जगह बृहस्पतिवार को रेयान रिकल्टन और ट्रिस्टन स्टब्स को टीम में शामिल किया।

डि जॉर्जी की पैर की मांसपेशियों में दिसंबर में भारत दौरे के दौरान चोट लगी थी और वह उससे पूरी तरह से उबर नहीं पाए हैं जबकि फरेरा के कंधे में एसए20 लीग में खेलते हुए फ्रेक्चर हो गया।

SA20 के दौरान मिलर, एनगिडी और ब्रेविस हुए चोटिल

इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका की टी20 विश्व कप टीम में शामिल डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी और डेवाल्ड ब्रेविस भी चोटिल हैं। मिलर पार्ल रॉयल्स के लिए जोबर्ग सुपरकिंग्स के खिलाफ एलिमिनेटर मैच नहीं खेले जबकि एनगिडी सनराइजर्स ईस्टर्न केप के खिलाफ क्वालीफायर में प्रिटोरिया कैपिटल्स के लिए सिर्फ दो ओवर फेंक पाए थे। कैपिटल्स के लिए खेलने वाले ब्रेविस की अंगुली में भी मैच जिताने वाली 75 रन की पारी के दौरान चोट लगी।

मौरिस ने चुनिंदा भारतीय पत्रकारों के साथ बातचीत के दौरान बेहद व्यस्त कार्यक्रम के कारण खिलाड़ियों के शरीर पर पड़ने वाले असर के बारे में ‘भाषा’ के सवाल का जवाब देते हुए कहा, ‘मुझे लगता है कि सबूत सामने है। बदकिस्मती से हमारे कुछ खिलाड़ी चोटिल हो गए हैं। कार्यक्रम काफी व्यक्त है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है लेकिन यही तो खेल की प्रकृति है और खिलाड़ियों को पता था कि क्या हो सकता है।’

उन्होंने कहा, ‘बेशक आप दिन-रात खेल रहे हैं। यह आईपीएल जैसा ही है। क्योंकि आपको यात्रा करनी पड़ती है, आपको मैच खेलने होते हैं, कड़े मुकाबले। आप रात को देर से सोते हैं और अगली सुबह आप यात्रा कर रहे होते हैं।’

हो सकता है प्लेइंग इलेव को रोटेट करना पड़े: मौरिस

दक्षिण अफ्रीका के लिए 42 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय, 23 टी20 अंतरराष्ट्रीय और चार टेस्ट खेलने वाले मौरिस ने कहा, ‘अगले दिन आपको ट्रेनिंग और रिकवरी वगैरह करनी होती है। तो यह सब खिलाड़ियों के प्रबंधन के बारे में है। बेशक कोचिंग स्टाफ मौजूद है और उन्हें पता है कि उन्हें क्या करना है।’

उन्होंने कहा, ‘हो सकता है एकादश को रोटेट करना पड़े लेकिन जब आपके पास एक अच्छी टीम हो जो जीत रही हो और प्ले ऑफ में जाने की कोशिश कर रही हो तो आप सच में ऐसा नहीं करना चाहते इसलिए यह मुश्किल है।'

एसए20 में कमेंटेटर की भूमिका निभा रहे मौरिस ने कहा कि यह शारीरिक के साथ-साथ मानसिक रूप से भी काफी मुश्किल होता है लेकिन आप कोई ना कोई हल ढूंढ ही लेते हैं।

उन्होंने कहा, ‘यह शरीर के लिए बेहद मुश्किल होता है। यह आपको मानसिक रूप से बेहद थका देता है। लेकिन अंत में आप कोई रास्ता निकाल ही लेते हैं। पेशेवर क्रिकेटर के तौर पर आप कुछ करने का तरीका ढूंढ ही लेते हैं। आप मैच जीतने का तरीका ढूंढ ही लेते हैं।’

'उम्मीद है बहुत बुरा नहीं होगा'

मौरिस ने मजाकिया लहजे में कहा, ‘ खुशकिस्मती से हमारे पास कुछ फिट खिलाड़ी हैं। कुछ खिलाड़ी चोटिल भी हैं। उम्मीद है बहुत बुरा नहीं होगा और मुझे विश्व कप के लिए तैयार हो जाना चाहिए।'

मौरिस हालांकि टी20 विश्व कप के लिए दक्षिण अफ्रीका टीम में शामिल खिलाड़ियों के एसए20 लीग में प्रदर्शन से खुश हैं।

इस पूर्व ऑलराउंडर ने कहा, ‘मुझे लगता है कि टीम में शामिल खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। यहां तक कि जो खिलाड़ी टीम में नहीं हैं उन्होंने भी अच्छा प्रदर्शन किया है और इससे बड़े टूर्नामेंट से पहले आत्मविश्वास मिलेगा।’

आईपीएल 2021 में राजस्थान रॉयल्स के साथ 16 करोड़ 25 लाख रुपये में जुड़कर उस समय टूर्नामेंट इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने मौरिस ने कहा कि उन्हें खुशी है कि पसलियों में लगी चोट के बाद कागिसो रबाडा एक बार फिर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।

चोट के बाद वापसी कर रहे हैं रबाडा

उन्होंने कहा, ‘मुझे खुशी है कागिसो रबाडा एक बार फिर अच्छा कर रहे हैं। बेशक वह चोट के बाद वापसी कर रहे हैं। शुरुआती कुछ मैच में वह बहुत नर्वस थे। चोट के साथ ऐसा होना आम बात है। लेकिन उन्हें फिर से पूरी गति के साथ गेंदबाजी करते हुए देखना, सटीक लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी करते हुए देखना। रबादा को देखकर बहुत खुशी हुई।’

मौरिस का मानना है कि आगामी टी20 विश्व कप में स्पिनरों की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। उन्होंने कहा कि केशव महाराज और जॉर्ज लिंडे के रूप में दक्षिण अफ्रीका के पास दो अच्छे स्पिनर हैं जो प्रभावी प्रदर्शन कर रहे हैं।

मौरिस को स्पिनरों से काफी उम्मीद

मौरिस ने कहा, ‘मुझे लगता है कि केशव महाराज ने बहुत अच्छी गेंदबाजी की है। प्रिटोरिया कैपिटल्स के अच्छे प्रदर्शन में उनकी अहम भूमिका रही है। उसने वास्तव में बहुत अच्छी गेंदबाजी की है। उसके अहम लम्हों पर गेंदबाजी की है। टूर्नामेंट की शुरुआत उसके लिए शायद थोड़ी धीमी रही लेकिन फिर उसने अलग-अलग तरह की पिच पर अच्छा खेलने का तरीका ढूंढ लिया।’

उन्होंने कहा, ‘जॉर्ज लिंडे ने बेशक काफी अच्छी गेंदबाजी की है। अगर ये दोनों एक साथ गेंदबाजी करते हैं और अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजों को परेशान करते हैं तो हम अच्छी स्थिति में होंगे।’

मौरिस ने कहा, ‘मैं टी20 क्रिकेट में स्पिनरों का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं क्योंकि मुझे लगता है कि वे मैच पर बहुत असर डालते हैं, तब भी जब विकेट अच्छा हो। हमने सेंचुरियन जैसी जगह पर देखा है, यह बल्लेबाजी के लिए जन्नत है। लेकिन अगर आप आंकड़े देखें तो स्पिनर ही असल में साझेदारी तोड़ते हैं।’

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule और Live Cricket Score देखें और Live Hindustan App डाउनलोड करके सभी अपडेट सबसे पहले पाएं।