
टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहली बार घटा ये अजीब संयोग, तीन पारियों में रन बनने से पहले गिरा विकेट
टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहली बार ये अजीब संयोग घटा कि किसी टेस्ट मैच की पहली तीन पारियों में रन बनने से पहले ही पहला विकेट गिरा। पर्थ में जारी एशेज सीरीज के पहले टेस्ट मैच के दौरान ऐसा देखने को मिला।
शनिवार 22 नवंबर का दिन टेस्ट क्रिकेट के लिए वाकई में ऐतिहासिक है। इसके पीछे एक नहीं, बल्कि दो कारण हैं। पहला तो ये कि पारंपरिक टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहली बार ऐसा होगा कि टी ब्रेक लंच से पहले लिया जाएगा। इसके अलावा दूसरा कारण ये है कि टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहली बार एक अजीब संयोग देखने को मिला है, जिसमें तीन पारियों की शुरुआत रन के साथ नहीं, बल्कि विकेट के साथ हुई है। हैरान करने वाली बात ये है कि ऐसा एक ऐसी सीरीज में देखने को मिला है, जो दुनिया की सबसे पुरानी राइवलरी है, जिसे हम एशेज सीरीज के नाम से जानते हैं।

दरअसल, गुवाहटी में इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जा रहा है, जिसमें मैच के हर दिन पहले सेशन के बाद लंच नहीं, बल्कि टी ब्रेक होगा, जो आमतौर पर टेस्ट क्रिकेट में हमें देखने को नहीं मिलता है। पारंपरिक टेस्ट क्रिकेट में पहली बार किसी डे टेस्ट में टी ब्रेक पहले सेशन के बाद होगा और दूसरे सेशन के बाद लंच होगा। ऐसा इसलिए किया जा रहा है, क्योंकि पूर्वोत्तर भारत में सूर्योदय और सूर्यास्त जल्दी होता है। ऐसे में शाम को बैड लाइट की वजह से खेल रुक सकता है। इससे बचने के लिए ऐसा किया जाएगा।
अब बात करते हैं कि दूसरा संयोग जो टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहली बार हुआ है, वह यह है कि ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच पर्थ में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच की तीन पारियों में किसी भी टीम ने रन नहीं बनाया और विकेट पहले गिर गया। इंग्लैंड की पहली पारी में मिचेल स्टार्क ने जैक क्राउले को आउट किया था, जब तक इंग्लैंड का खाता नहीं खुला था। ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में जोफ्रा आर्चर ने जैक वेदरल्ड को आउट किया था। ऑस्ट्रेलिया का भी खाता नहीं खुला था। मैच की दूसरी और इंग्लैंड की दूसरी पारी में भी मिचेल स्टार्क ने शून्य पर जैक क्राउले को चलता किया। इस तरह तीनों पारियों में रनों का खाता खुलने से पहले विकेट का खाता खुला। इस तरह ये ऐतिहासिक दिन रहा।






