फिन एलन ने टी20 वर्ल्ड कप नॉकआउट में रचा इतिहास, विराट कोहली भी नहीं कर पाए ऐसा
फिन एलन ने टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ शतक जड़ इतिहास रच दिया है। वह टी20 वर्ल्ड कप नॉकआउट में शतक जड़ने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बने हैं।

न्यूजीलैंड के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में 33 गेंदों पर तूफानी शतक जड़ ना सिर्फ अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाया, बल्कि रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। फिन एलन टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे तेज शतक ठोकने वाले बल्लेबाज बन गए हैं, उन्होंने इस मामले में यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल का 10 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा है। फिन एलन अपनी इस पारी के दम पर टी20 वर्ल्ड कप नॉकआउट में भी इतिहास रचने में कामयाब रहे। एलन टी20 वर्ल्ड कप नॉकआउट में शतक जड़ने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने हैं। जी हां, उनसे पहले टूर्नामेंट के 19 साल के इतिहास में कोई बल्लेबाज ऐसा नहीं कर पाया था।
फिन एलन से पहले टी20 वर्ल्ड कप नॉकआउट में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड श्रीलंका के पूर्व सलामी बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान के नाम था। दिलशान ने 2009 टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 96 रन बनाए थे। वहीं विराट कोहली भी इस लिस्ट में मौजूद हैं। कोहली ने 2016 टी20 वर्ल्ड कप के दौरान वेस्टइंडीज के खिलाफ सेमीफाइनल में 89 रनों की नाबाद पारी खेली थी।
T20 वर्ल्ड कप नॉकआउट में हाईएस्ट स्कोर
100* - फिन एलन बनाम SA, कोलकाता, 2026 SF
96* - तिलकरत्ने दिलशान बनाम WI, द ओवल, 2009 SF
89* - विराट कोहली बनाम WI, मुंबई WS, 2016 SF
86* - एलेक्स हेल्स बनाम IND, एडिलेड, 2022 SF
85* - मार्लन सैमुअल्स बनाम ENG, कोलकाता, 2016 फाइनल
85 - केन विलियमसन बनाम AUS, दुबई, 2021, फाइनल
फिन एलेन के रिकॉर्ड 33 गेंद में नाबाद शतक की मदद से न्यूजीलैंड ने इस टी20 विश्व कप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को बुधवार को नौ विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। तीन सप्ताह बाद कोलकाता नाइट राइडर्स के लिये आईपीएल में खेलने जा रहे एलेन ने अपनी पारी में 10 चौके और आठ छक्के लगाकर न्यूजीलैंड को 170 रन के लक्ष्य तक सिर्फ 12.5 ओवर में पहुंचा दिया। टी20 विश्व कप के सबसे तेज शतक में ईडन गार्डंस पर होली के दिन बल्ले से आतिशबाजी देखने को मिली।
दक्षिण अफ्रीका के लिये अर्धशतक बनाने वाले मार्को यानसेन ने 2.5 ओवर में 53 रन दे डाले और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। मिचेल सेंटनेर की कप्तानी वाली कीवी टीम ने बेहतरीन स्पिन गेंदबाजी का नमूना पेश करते हुए दक्षिण अफ्रीका को आठ विकेट पर 169 रन पर रोक दिया। ऑफ स्पिनर कोल मैकोंची (एक ओवर में नौ रन देकर दो विकेट) और बायें हाथ के स्पिनर रचिन रविंद्र (चार ओवर में 29 रन देकर दो विकेट ) ने कहर बरपाती हुई गेंदबाजी करके दक्षिण अफ्रीका के शीर्ष क्रम को झकझोर दिया।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


