एलन के 'शतकीय बम' से साउथ अफ्रीका हुआ तबाह, न्यूजीलैंड की T20 WC फाइनल में धमाकेदार एंट्री

Mar 04, 2026 11:06 pm ISTMd.Akram लाइव हिन्दुस्तान
share

न्यूजीलैंड टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहुंच गया है। न्यूजीलैंड ने टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को करारी शिकस्त दी। फिन एलन ने तूफानी शतकीय पारी खेली।

एलन के 'शतकीय बम' से साउथ अफ्रीका हुआ तबाह, न्यूजीलैंड की T20 WC फाइनल में धमाकेदार एंट्री

मिचेल सेंटनेर की अगुवाई वाली न्यूजीलैंड टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में धमाकेदार एंट्री मारी है। न्यूजीलैंड ने बुधवार को टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से रौंदा। साउथ अफ्रीका ने कोलकाता के ईडन गार्डन्स में 170 रनों का टारगेट दिया, जिसे न्यूजीलैंड ने महज 12.5 ओवर में एक विकेट गंवाकर चेज कर लिया। साउथ अफ्रीका को सलामी बल्लेबाज फिल एलन के 'शतकीय बम' ने तबाह किया। उन्होंने 33 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 8 छक्के शामिल हैं। यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज शतक है। एलन ने वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2016 टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ 47 गेंदों में शतक जमाया था। न्यूजीलैंड ने दूसरी बार टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई है। न्यूजीलैंड को 2021 टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

सेमीफाइनल में लक्ष्य का पीछा करते हुए एलन अलग ही तेवर में नजर आए। उन्होंने टिम सीफर्ट के साथ मिलकर साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों की बखिया उधेड़ी। न्यूजीलैंड का पावरप्ले में स्कोर बगैर किसी नुकसान के 84 रन था। एलन ने कॉर्बिन बॉश द्वारा डाले गए छठे ओवर में एक छक्का और चार चौकों समेत 22 रन बटोरे। उन्होंने 19 गेंदों में 50 रन कंप्लीट कर थे। उन्होंने अगले 50 रन महज 14 गेंदों में पूरे किए। एलन और सीफर्ट ने पहले विकेट के लिए 117 रनों की पार्टनरशिप की और साउथ अफ्रीका को बैकफुट पर धकेल दिया। सीफर्ट ने 33 गेंदों में सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से 58 रन बनाए। सीफर्ट को 10वें ओवर में कगिसो रबाडा ने बोल्ड किया, जिसके बाद रचिन रविंद्र आए। वह 11 गेंदों में दो चौकों के जरिए 13 रन बनाकर नाबाद रहे। एलन ने मार्को यानसन द्वारा फेंके 13वें ओवर में शतक पूरा करते हुए न्यूजीलैंड को जीत दिलाई। उन्होंने यानसन के सामने तीन चौके और दो छक्के ठोके।

इससे पहले, साउथ अफ्रीका ने टॉस गंवाने के बाद निर्धारित 20 ओवर में आठ पर 169 रन जुटाए। यानसन के अर्धशतक (30 गेंदों में नााबाद 55) की मदद से साउथ अफ्रीका ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। बल्लेबाजों के लिए कठिन पिच पर न्यूजीलैंड के आफ स्पिनर कोल मैकोंची (एक ओवर में नौ रन देकर दो विकेट) और बाएं हाथ के स्पिनर रचिन रविंद्र (चार ओवर में 29 रन देकर दो विकेट) ने कहर बरपाती हुई गेंदबाजी करके साउथ अफ्रीका के शीर्ष क्रम को झकझोर दिया। इसके बाद यानसन और ट्रिस्टन स्टब्स (24 गेंद में 29 रन) ने पारी को संभाला। दोनों ने छठे विकेट के लिए 73 रन जोड़े। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने 11वें ओवर में पांच विकेट 77 रन पर गंवा दिए थे। पारी के आगे बढ़ने के साथ ही ओस की भूमिका अहम हो गई और स्ट्रोक्स खेलना आसान लगने लगा।

दुनिया के सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर्स में शामिल यानसन ने अपनी पारी में पांच छक्के लगाए और अधिकांश छक्के दर्शक दीर्घा की 15वीं पंक्ति के पार गए, जिससे उनके दमखम और टाइमिंग का पता चलता है। उन्होंने 19वें ओवर में लॉकी फर्ग्युसन को दो छक्के लगाए और 27 गेंदों में फिफ्टी पूरी की। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनेर ने दूसरे ओवर में ऑफ स्पिनर मैकोंची को गेंद सौंपी जिन्होंने मैच में एक ही ओवर डाला लेकिन क्विंटोन डिकॉक (10) और रियान रिकेलटन (0) को लगातार दो गेंदों पर आउट किया। डेवाल्ड ब्रेविस ने 27 गेंद में 34 रन बनाए लेकिन वह अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके। उन्हें जेम्स नीशाम ने आउट किया। ब्रेविस के आउट होने के समय न्यूजीलैंड का स्कोर पांच विकेट पर 77 रन था, जिसके बाद यानसन ने मोर्चा संभाला। रविंद्र ने एडेन माक्ररम (18) और डेविड मिलर (6) को पवेलियन भेजा।

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram

मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार

परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।


अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।


विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule और Live Cricket Score देखें और Live Hindustan App डाउनलोड करके सभी अपडेट सबसे पहले पाएं।