SA20 लीग चरण में टॉप पर रहने का कोई मतलब नहीं, शून्य से शुरुआत करनी होगी: स्टब्स
सनराइजर्स ईस्टर्न केप के कप्तान ट्रिस्टन स्टब्स ने प्रिटोरिया कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले एसए20 लीग के पहले क्वालीफायर से पहले अतिआत्मविश्वास से बचने की बात कही है। उन्होंने कहा कि लीग चरण में शीर्ष पर रहना अब कोई मायने नहीं रखता और बुधवार को होने वाले मैच में उन्हें शून्य से शुरुआत करनी होगी।
सनराइजर्स ईस्टर्न केप के कप्तान ट्रिस्टन स्टब्स ने प्रिटोरिया कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले एसए20 लीग के पहले क्वालीफायर से पहले अतिआत्मविश्वास से बचने की बात कही है। उन्होंने मंगलवार को कहा कि प्ले ऑफ से पहले लय हासिल करना अच्छा है लेकिन लीग चरण में शीर्ष पर रहना अब कोई मायने नहीं रखता और बुधवार को होने वाले मैच में उन्हें शून्य से शुरुआत करनी होगी।
पहली बार स्टब्स की कप्तानी में खेलते हुए सनराइजर्स की टीम 10 मैच में पांच जीत से 28 अंक के साथ शीर्ष पर रही।
स्टब्स ने मैच से पूर्व कहा, ‘सच कहूं तो इसका कोई खास मतलब नहीं है। यह अच्छा है कि हमने पूरे सत्र में अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन प्ले ऑफ से पहले हमें पता है कि आप हर मैच में शून्य से शुरुआत करते हैं। प्ले ऑफ से पहले लय हासिल करना अच्छा है लेकिन इसका कोई खास मतलब नहीं है।’
शुरुआती दो सत्र के चैंपियन और गत उप विजेता सनराइजर्स ने अब तक चारों सत्र में प्ले ऑफ में जगह बनाई है और जब स्टब्स से पूछा गया कि क्या इस तरह के दबाव में खेलने के अनुभव से टीम को फायदा होगा तो उन्होंने इससे सहमति जताई।
स्टब्स ने कहा, ‘निश्चित तौर पर मुझे तो ऐसा ही लगता है। मुझे लगता है कि हमारे पास बहुत से ऐसे खिलाड़ी हैं जो पहले भी इन मुकाबलों में खेल चुके हैं और जानते हैं कि इसे जीतने के लिए क्या करना पड़ता है। इससे निश्चित रूप से मदद मिलती है लेकिन जैसा कि मैंने पहले कहा, यह अब भी क्रिकेट का खेल है। आप शून्य से शुरू करते हैं।’
उन्होंने कहा, ‘अगर आप उस दिन अच्छा नहीं खेलते हैं तो आपके पास चाहे जितना अनुभव हो इसका कोई मतलब नहीं है।’
स्टब्स ने अपनी टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक की सराहना की जो मौजूदा सत्र में चार अर्धशतक की मदद से 328 रन के साथ दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
कप्तान ने कहा, ‘डिकॉक ने हमारे लिए शानदार प्रदर्शन किया है। जिस तरह से उन्होंने मैदान पर और मैदान के बाहर आगे बढ़कर अगुआई की है वह युवा खिलाड़ियों के लिए बहुत अच्छे रहे हैं।’
स्टब्स ने क्रिस ग्रीन की भी जमकर तारीफ की जिन्होंने एमआई केपटाउन के खिलाफ सनराइजर्स के लिए पदार्पण करते हुए 29 रन देकर तीन विकेट चटकाए।
उन्होंने कहा, ‘उसने उस दिन शानदार प्रदर्शन किया। वह बहुत सकारात्मकता लेकर आया। उसने मैदान पर जिस तरह का प्रदर्शन किया वह शानदार था। वह बहुत अनुभवी क्रिकेटर है और अपने खेल को बहुत अच्छी तरह जानता है। उसने शुरू से ही आत्मविश्वास दिखाया।’
एमआई केपटाउन के खिलाफ अपनी टीम के अंतिम लीग मैच में बाएं पैर की मांसपेशियों में चोट लगा बैठे तेज गेंदबाज एडम मिल्ने की स्थिति के बारे में पूछने पर स्टब्स ने कहा, ‘हमारे पास प्लान बी है लेकिन मुझे लगता है कि वह फिजियो के पास गया है। मुझे पक्का नहीं पता कि क्या हो रहा है इसलिए मैं यह मेडिकल स्टाफ पर छोड़ता हूं।’
प्रिटोरिया कैपिटल्स ने अपने अंतिम पांच में से चार मैच जीतकर अंक तालिका में दूसरे स्थान पर रहते हुए प्ले ऑफ में जगह बनाई लेकिन टीम के कप्तान केशव महाराज ने कहा कि उन्हें अब भी खेल के सभी विभागों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की तलाश है। टीम ने कैपिटल्स के समान पांच जीत दर्ज की लेकिन 24 अंक जुटाकर दूसरे स्थान पर रही।
महाराज ने कहा, ‘हमारे लिए सत्र उतार-चढ़ाव वाला रहा। बेशक, हम अपने घरेलू मुकाबलों के नतीजों से निराश हैं। जब सबसे जरूरी था तब हमने लय हासिल की और फिर से इसे गंवा दिया और फिर संभल गए। हम अब भी खेल के सभी विभागों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की तलाश में हैं। उम्मीद है कि यह हमारे लिए अच्छा रहेगा और हम इस प्रतियोगिता में सही समय पर अपने खेल के शीर्ष पर होंगे।’
कैपिटल्स की टीम ने जोबर्ग सुपरकिंग्स के खिलाफ पिछले मैच में सात रन पर पांच विकेट गंवाने के बावजूद जीत दर्ज की और महाराज ने कहा कि यह उनकी टीम के जज्बे को दिखाता है।
उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि हमारी टीम का जज्बा शानदार है। यही हमने उस मैच में दिखाया जहां हम सात रन पर पांच विकेट गंवा चुके थे और हालात हमारे खिलाफ थे। शेरफेन और डेवाल्ड ब्रेविस ने ऐसे में जज्बा दिखाते हुए हमें जीत दिलाई।’
महाराज ने कहा, ‘मैं इसे अजेय नहीं कहूंगा लेकिन हमें विश्वास है कि हम किसी भी स्थिति से निकलने का रास्ता ढूंढ लेंगे।’
रदरफोर्ड (74) और ब्रेविस (53) ने सुपरकिंग्स के खिलाफ अर्धशतक जड़ने के अलावा छठे विकेट के लिए 103 रन की साझेदारी करके टीम की 21 रन की जीत की नींव रखी।

लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय, असिस्टेंट एडिटर
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ें




