
टी20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज 500 रन बनाने वाले भारतीय, सूर्यकुमार यादव ने तोड़ा धोनी-युवराज का रिकॉर्ड
सूर्यकुमार यादव ने यूएसए के खिलाफ 84 रनों की नाबाद पारी खेल भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। सूर्या ने इसी के साथ टी20 वर्ल्ड कप में अपने 500 रन पूरे किए और युवराज सिंह और एमएस धोनी का रिकॉर्ड तोड़ा।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पारी के दम पर भारत ने यूएसए के खिलाफ अपने टी20 वर्ल्ड कप 2026 अभियान का आगाज जीत के साथ किया। सूर्या की 84 रनों की नाबाद पारी के दम पर भारत 161 का स्कोर बोर्ड पर लगाने में कामयाब रहा, वहीं यूएसए इस स्कोर का पीछा करते हुए 132 रन ही बना पाई। टीम इंडिया ने 29 रनों से इस मैच को जीता। सूर्यकुमार यादव को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया। भारतीय कप्तान ने अपनी इस पारी के दम पर कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किए। इनमें से एक रिकॉर्ड था टी20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज 500 रन बनाने का।
सूर्यकुमार यादव ने 84 रनों की अपनी इस पारी के साथ टी20 वर्ल्ड कप में 500 रन पूरे कर लिए हैं। अब उनके नाम इस आईसीसी टूर्नामेंट में 18 पारियों में 564 रन हो गए हैं। सूर्या टी20 वर्ल्ड कप में 500 रन बनाने वाले 6ठे तो सबसे कम पारियों में इस मुकाम को हासिल करने वाले चौथे भारतीय बने हैं। इस लिस्ट में उन्होंने एमएस धोनी और युवराज सिंह जैसे दिग्गजों को पछाड़ा है।
टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए 500 या उससे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में विराट कोहली, रोहित शर्मा, गौतम गंभीर, एमएस धोनी, युवराज सिंह और सूर्यकुमार का नाम शामिल है।
वहीं सबसे तेज इस मुकाम तक पहुंचने वाले खिलाड़ी की बात करें तो वह विराट कोहली हैं। कोहली ने मात्र 11 टी20 वर्ल्ड कप पारियों में 500 रन बना दिए थे। सूर्या इस लिस्ट में रोहित शर्मा और गौतम गंभीर के बाद तीसरे पायदान पर है। गंभीर और रोहित संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर हैं।
सूर्यकुमार यादव ने टी20 वर्ल्ड कप की 18 पारियों में 500 टी20 रन पूरे किए, वहीं युवराज ने ऐसा 22 तो धोनी ने 28 पारियों में किया था।
टी20 वर्ल्ड कप में सबसे कम पारियों में 500 रन बनाने वाले भारतीय
11-विराट कोहली
17- गौतम गंभीर
17 - रोहित शर्मा
18 - सूर्यकुमार यादव*
22 - युवराज सिंह
28 - एमएस धोनी

लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें




