T20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज फिफ्टी ठोकने वाले कप्तान, रोहित का रिकॉर्ड तोड़ने से चूके शनाका
दासुन शनाका ने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे तेज फिफ्टी ठोकने वाले कप्तानों की लिस्ट में रोहित शर्मा की बराबरी कर ली है। श्रीलंकाई कप्तान शनाका ने ओमान के विरुद्ध तूफानी बल्लेबाजी की।

श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका ने गुरुवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ओमान के खिलाफ तूफानी बल्लेबाजी की। उन्होंने पल्लेकेले स्टेडियम में खेले गए ग्रुप बी मैच में 20 गेंदों में 50 रन बनाए, जिसमें दो चौके और पांच सिक्स शामिल हैं। वह पांचवे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे थे। उनकी पारी के दम पर श्रीलंका ने 225/5 का विशाल स्कोर बनाया और 105 रनों से जीत दर्ज की। ओमान की टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 120 रन ही जुटा सकी। श्रीलंका ने धमाकेदार जीत के बाद सुपर आठ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को मजबूत किया।
रोहित का रिकॉर्ड तोड़ने से चूके शनाका
शनाका ने श्रीलंका बनाम ओमान मैच में महज 19 गेंदों में अर्धशतक कंप्लीट कर लिया। वह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में संयुक्त रूप से सबसे तेज फिफ्टी ठोकने वाले कप्तान बन गए हैं। 'हिटमैन' के नाम से मशहूर रोहित शर्मा का रिकॉर्ड बाल-बाल बचा। उन्होंने 2024 में आयोजित टी20 वर्ल्ड कप में बतौर कप्तान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 19 गेंदों में फिफ्टी पूरी की थी। रोहित ने भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया मैच में 41 गेंदों में 7 चौकों और 8 चौकों की मदद से 92 रनों की पारी खेली थी। भारत ने 205/5 का स्कोर खड़ा किया और 24 रनों विजयी परचम फहराया। रोहित ने भारत को ट्रॉफी जिताने के बाद टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। वह टेस्ट से भी संन्यास ले चुके हैं। रोहित मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप के ब्रांड एम्बेसडर हैं।
T20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाले कप्तान
19 गेंद - रोहित शर्मा (बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2024)
19 गेंद - दासुन शनाका (बनाम ओमान, 2026)
20 गेंद - मोहम्मद अशरफुल (बनाम वेस्टइंडीज, 2007)
2 गेंद - महेला जयवर्धने (बनाम केन्या, 2007)
तीन श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने अर्धशतक जमाए
शनाका सहित तीन बल्लेबाजों के अर्धशतक और बाद में धारदार गेंदबाजी की मदद से श्रीलंका ने ओमान को करारी शिकस्त दी। कुसल मेंडिस (45 गेंद पर 61 रन) और पवन रत्नायके (28 गेंद पर 60) ने भी ओमान के कमजोर गेंदबाजी आक्रमण के धुर्रे उड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। आयरलैंड के खिलाफ केवल पांच रन बनाकर आउट होने वाले रत्नायके ने 24 गेंद पर T20I में अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और एक छक्का लगाया।
ओमान के की तरफ से नदीम ने किया संघर्ष
श्रीलंका के बल्लेबाजों ने अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाकर बड़ी जीत की नींव रखी। ओमान के बल्लेबाजों के पास श्रीलंका के तेज और स्पिन आक्रमण का कोई जवाब नहीं था। उसकी तरफ से केवल मोहम्मद नदीम ही संघर्ष कर पाए जिन्होंने 56 गेंद पर नाबाद 52 रन बनाए। श्रीलंका की तरफ से दुष्मंत चामीरा और महीश तीक्षणा ने दो दो विकेट लिए। श्रीलंका की यह लगातार दूसरी जीत है जिससे वह चार अंक लेकर ग्रुप बी में शीर्ष पर पहुंच गया है। ओमान को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



