देश में क्रिकेट को बढ़ावा मिलेगा, भारत के साथ मैच पर जापान कप्तान केंडल कादोवाकी ने कही दिल की बात

भाषा, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

जापान के कप्तान केंडल कादोवाकी-फ्लेमिंग ने कहा है कि भले ही भारत के खिलाफ खेलना रोमांचक होगा लेकिन बतौर टीम मैदान पर कड़ी टक्कर देने उतरेंगे। उनका मानना है कि भारत जैसे देश के खिलाफ खेलना जापान क्रिकेट के लिए बहुत बड़ा विकास है।

Kendel Kadowaki-Fleming
कप्तान केंडल कादोवाकी-फ्लेमिंग

जापान के कप्तान केंडल कादोवाकी-फ्लेमिंग और युवा आल राउंडर चार्ली हारा-हिंजे का मानना है कि भारत के खिलाफ 22 सितंबर को होने वाला ऐतिहासिक टी20 मुकाबला सिर्फ एक यादगार मौका नहीं होगा बल्कि बेसबॉल के प्रति जुनूनी देश में क्रिकेट के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण शुरुआत साबित हो सकता है। भारतीय टीम दोनों देशों के बीच पहले पुरुष अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए जापान का दौरा करेगी और सानो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैदान पर होने वाला यह मुकाबला आइची-नागोया में एशियाई खेलों से पहले होगा।

हमने शायद सोचा भी नहीं होगा

कादोवाकी-फ्लेमिंग के लिए एशियाई खेलों में भारत के साथ अफगानिस्तान और नेपाल की मेजबानी करना इस बात का प्रमाण है कि जापान में क्रिकेट ने कम समय में कितनी प्रगति की है। उन्होंने पीटीआई वीडियो से कहा, ''यह बेहद रोमांचक है। और मुझे लगता है कि अफगानिस्तान और नेपाल जैसे देशों का जापान आना यहां क्रिकेट के लिए बहुत बड़ा विकास है। कुछ साल पहले तक हमने शायद सोचा भी नहीं होगा कि इसे आयोजित करना संभव होगा। ''

हालांकि यह मौका ऐतिहासिक होगा लेकिन जापान के कप्तान का कहना है कि उनकी टीम सिर्फ इस मौके का जश्न मनाने के लिए मैदान पर नहीं उतरेगी। उन्होंने कहा, ''भारत के खिलाफ खेलने का मौका जितना भी रोमांचक होगा, हम सिर्फ इस मौके का जश्न मनाने के लिए नहीं उतर रहे हैं। हम यह दिखाने के लिए उतरेंगे कि पुरुष टीम के रूप में हम क्या कर सकते हैं। निश्चित रूप से भारत जैसी टीम के पास तेज गेंदबाजी, बल्लेबाजी और स्पिन हर विभाग में बेहतरीन खिलाड़ी मौजूद हैं। ''

उन्होंने कहा, ''इसलिए विश्व स्तरीय खिलाड़ियों और उस प्रारूप में दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम को खेलते हुए देखना हमारे लिए शानदार अनुभव होगा। ''

हमने देखा कि वे कितने बेहतरीन हैं

जापान के लिए यह मुकाबला केवल भारत के स्टार खिलाड़ियों के खिलाफ खुद को परखने तक सीमित नहीं है। कादोवाकी-फ्लेमिंग ने कहा, ''उम्मीद है कि यह पूर्ण सदस्य देशों के खिलाफ खेलने और प्रतिस्पर्धा करने के लंबे इतिहास की दिशा में पहला कदम होगा। '' सत्रह वर्षीय हारा-हिंजे भारत की युवा प्रतिभाओं से वाकिफ हैं। जापान ने 2024 अंडर-19 एशिया कप के ग्रुप चरण में भारत का सामना किया था जिसमें आयुष म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा खिलाड़ी मौजूद थे। हारा-हिंजे ने कहा, ''हम उस मैच में काफी रोमांचित थे। हमने इन खिलाड़ियों को गेंदबाजी करते हुए काफी कुछ सीखा। तभी हमने देखा कि वे कितने बेहतरीन हैं। ''

भारत 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियाई खेलों में भी हिस्सा लेगा। जापान के खिलाफ सानो में होने वाला यह टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला एशियाई खेलों से पहले भारतीय टीम को महत्वपूर्ण मैच अभ्यास देगा।

Himanshu Singh

लेखक के बारे में

Himanshu Singh

हिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)

हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।


परिचय और अनुभव

हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।


खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट Cricket Live Score, Cricket Schedule, और Cricket News in Hindi के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी बड़े मुकाबलों के पल-पल के अपडेट्स और देश-दुनिया की हर क्रिकेट खबर सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़देश में क्रिकेट को बढ़ावा मिलेगा, भारत के साथ मैच पर जापान कप्तान ने कही दिल की