
शुभमन गिल का क्यों कटा टी20 वर्ल्ड कप टीम से पत्ता? कुल 3 खिलाड़ी हुए बाहर
शुभमन गिल का पत्ता टी20 वर्ल्ड कप 2026 स्क्वॉड से कट गया है। एशिया कप में अचानक उनकी टीम में एंट्री हुई थी, मगर लगातार खराब प्रदर्शन के चलते उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया गया है। उनके अलावा कई और खिलाड़ियों की भी छुट्टी हुई है।
मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर और टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने आज यानी शनिवार, 20 दिसंबर को आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम के ऐलान में काफी सारे सरप्राइजेस है। शुभमन गिल की अचानक जिस तरह टीम में एंट्री हुई थी और उन्हें टीम का कप्तान बनाया गया था, वैसे ही उन्हें अब अचानक टीम से बाहर का रास्ता भी दिखा दिया गया है। इसके अलावा रिंकू सिंह का टीम में चयन और अक्षर पटेल को उप-कप्तान बनाने का फैसला भी हैरान कर देने वाला है। सबसे हैरानी की बात ईशान किशन का चयन है। ईशान काफी समय से टीम का हिस्सा नहीं है। हालांकि उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में कमाल की फॉर्म दिखाई है।
मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर से जब शुभमन गिल को ड्रॉप किए जाने पर सवाल किया गया तो उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह फैसला टीम कॉम्बिनेशन को देखते हुए लिया गया है। टॉप ऑर्डर में अगर आपके पास विकेट कीपर हो तो नीचे आप अन्य बल्लेबाजों को मौका दे सकते हैं।
इसके अलावा अजीत अगरकर ने शुभमन गिल की फॉर्म पर भी चिंता जताई। गिल का औसत इस साल काफी निराशाजनक रहा है, टी20 में वह एक भी अर्धशतक नहीं लगा पाए हैं। उनके टीम से ड्रॉप होने का एक कारण उनकी खराब फॉर्म भी है।
अजीत अगरकर ने कहा कि जितेश शर्मा ने कुछ गलत नहीं किया, मगर फिर भी उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा है।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ जो भारतीय स्क्वॉड थी, उनमें से शुभमन गिल, जितेश शर्मा और शहबाज अहमद का पत्ता कटा है। शहबाज अहमद को अक्षर पटेल के सीरीज से बाहर होने पर मौका मिला था।
टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम- सूर्यकुमार यादव, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उप-कप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वॉशिंगटन सुंदर, ईशान किशन






