तब हर कोई शॉक्ड रह जाएगा; BCCI के दिग्गज कॉमेंटेटर शिवरामकृष्णन का छलका दर्द

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

पूर्व क्रिकेटर और कॉमेंटेटर लक्ष्मण शिवरामकृष्णन ने बीसीसीआई के कॉमेंट्री पैनल से अलग होने का फैसला किया है। उन्होंने भारी मन से ये ऐलान किया है और खुद को 23 वर्ष तक नजरअंदाज किए जाने का आरोप लगाया है। उन्हें लगता है कि उन्हें वो सम्मान नहीं मिला जिसके वह हकदार थे।

Laxman Sivaramakrishnan

पूर्व क्रिकेटर और कॉमेंटेटर लक्ष्मण शिवरामकृष्णन ने बीसीसीआई के कॉमेंट्री पैनल से अलग होने का फैसला किया है। उन्होंने भारी मन से ये ऐलान किया है और खुद को 23 वर्ष तक नजरअंदाज किए जाने का आरोप लगाया है। उन्हें लगता है कि उन्हें वो सम्मान नहीं मिला जिसके वह हकदार थे। उनका ये फैसला क्रिकेट जगत के लिए चौंकाने वाला रहा। कई क्रिकेट फैन और कुछ क्रिकेटर भी उनके इस फैसले पर हैरानी जता रहे हैं। लक्ष्मण शिवरामकृष्णन ने बीसीसीआई के लिए कॉमेंट्री छोड़ने के अपने फैसले का ऐलान एक्स पर पोस्ट के जरिये किया। उन्होंने साफ किया कि ये फैसला उन्होंने काफी सोचसमझकर लिया है।

शिवरामकृष्ण ने एक्स पर पोस्ट किया, 'मैं बीसीसीआई के लिए कॉमेंट्री से रिटायर हो रहा हूं।'

उनके इस पोस्ट पर क्रिकेट फैन लगातार पूछते रहे कि आखिर उन्होंने ये फैसला क्यों लिया। उसके बाद उन्होंने एक और पोस्ट में अपने फैसले की वजह भी बताई और उसमें उनका दर्द भी छलक गया।

बीसीसीआई के लिए कॉमेंट्री छोड़ने की वजह बताते हुए उन्होंने एक पोस्ट में लिखा, ‘23 सालों तक मुझे टॉस और प्रजेंटेशन के लिए नहीं चुना गया और नए-नए आने वाले पिच रिपोर्ट, टॉस और प्रजेंटेशन करते हैं, वह भी तब जब शास्त्री कोचिंग कर रहे थे, आप क्या समझते हैं कि क्या कारण हो सकता है?’

दरअसल बीसीसीआई के बड़े और महत्वपूर्ण मुकाबलों में रवि शास्त्री और हर्ष भोगले जैसे कॉमेंटेटर टॉस और प्रजेंटेशन में दिखते हैं। बाकी मैचों में बाकी दूसरे कॉमेंटेटर दिखते हैं। शिवरामकृष्णन खुद को लंबे समय से टॉस और प्रजेटेंशन जैसे अहम मौकों पर कॉमेंट्री की जिम्मेदारी नहीं दिए जाने से आहत हैं।

लक्ष्मण शिवरामकृष्णन ने एक और पोस्ट में ये संकेत दिया कि उनके कॉमेंट्री से रिटायर होने की पर्दे के पीछे की अगर पूरी कहानी सामने आ गई तो आम जनता, क्रिकेट फैन और हर कोई एकदम से चौंक जाएगा। उन्होंने संकेत दिया कि बात जो सामान्य सी दिख रही है, वो असल में वैसी है नहीं। पर्दे के पीछे की कहानी उससे कई गुना अलग और चौंकाने वाली है।

उन्होंने लिखा, ‘ये रिटायरमेंट तो उस कहानी की महज शुरुआत भर है जिसे अगर कभी बताया गया तो आम लोग, क्रिकेट फैन और हर कोई पूरी तरह शॉक्ड रह जाएगा। मैं बहुत खुश हूं कि जो लोग मुझसे नफरते करते हैं, वे बहुत खुश हैं लेकिन जो लोग यह सोचते हैं कि मैं कम से कम शालीन तो रहा तो उन्हें धन्यवाद। बीसीसीआई को तो भरोसा ही नहीं होगा।’

लक्ष्मण शिवरामकृष्णन ने भारत के लिए कुल 9 टेस्ट मैच खेले जिनमें उनके नाम 26 विकेट दर्ज हैं। इसके अलावा उन्होंने 16 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेले जिनमें 15 विकेट झटके। टेस्ट में उनके नाम 130 रन भी दर्ज हैं जबकि ओडीआई में उन्होंने सिर्फ 5 रन बनाए हैं।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट Cricket Live Score, Cricket Schedule, और Cricket News in Hindi के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी बड़े मुकाबलों के पल-पल के अपडेट्स और देश-दुनिया की हर क्रिकेट खबर सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़तब हर कोई शॉक्ड रह जाएगा; BCCI के दिग्गज कॉमेंटेटर शिवरामकृष्णन का छलका दर्द