इंग्लैंड जीता मगर टूटा जो रूट का दिल, 1 रन से शतक से चूके; गस एटकिंसन बने विलेन
इंग्लैंड ने दूसरे वनडे में भारत को 4 विकेट से हराकर तीन मैच की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। इंग्लैंड की इस जीत में हीरो स्टार बल्लेबाज जो रूट रहे। हालांकि आखिर में उनका दिल टूटा, वह शतक पूरा नहीं कर पाए।

जो रूट की नाबाद 99 रनों की पारी के दम पर इंग्लैंड ने दूसरे वनडे में भारत को 4 विकेट से हराकर तीन मैच की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। इंग्लैंड इस मैच में जीता मगर जो रूट का दिल टूट गया। वह मात्र एक रन से शतक से चूक गए। ऐसा नहीं था कि जो रूट के पास शतक पूरा करने का मौका नहीं था, मगर साथी बल्लेबाज गस एटकिंसन ने चौका लगाकर इंग्लैंड को जीत दिला दी। भारत ने पहले बैटिंग करते हुए विराट कोहली और श्रेयस अय्यर की फिफ्टी के दम पर 233 रन बोर्ड पर लगाए थे, इस स्कोर का पीछा मेजबानों ने 44.1 ओवर में ही कर लिया। भारतीय गेंदबाज जो रूट को आउट करने में नाकाम रहे।
जो रूट की 99 रनों की शानदार पारी
234 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। भारतीय गेंदबाजों ने 3.4 ओवर में महज 8 के स्कोर पर बेन डकेट और जैकब बेथल के रूप में दोनों इंग्लिश ओपनर्स को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया था। वहीं 53 रन तक कप्तान हैरी ब्रूक भी आउट हो चुके थे। इंग्लैंड को चौथा झटका 94 के स्कोर पर सैम कुर्रन के रूप में लगा, वहीं आधी टीम 125 के स्कोर पर पवेलियन में थी, जब अक्षर पटेल ने जोस बटलर को 26वें ओवर में बोल्ड किया।
भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर टीम को मैच में बनाया हुआ था, मगर जो रूट एक छोर को पकड़े हुए थे। कप्तान शुभमन गिल को भी पता था कि अगर रूट को आउट नहीं किया तो मैच उनके हाथों से फिसल सकता है। उन्होंने इंग्लिश स्टार बल्लेबाज को आउट करने के लिए हर पैतरा आजमाया, मगर वह नाकाम रहे। रूट ने विल जैक्स के साथ अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम को जीत के करीब पहुंचाया, वहीं गस एटकिंसन के साथ मिलकर टीम को जीत दिलाई।
गस एटकिंसन बने विलन
44 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कार 6 विकेट के नुकसान पर 230 रन था, पिछले ओवर की आखिरी गेंद पर एटकिंसन ने सिंगल लिया था। मेजबान टीम जीत से महज 4 रन दूर थी और रूट 99 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे। प्रसिद्ध कृष्णा ने पहली गेंद वाइड डाली, मगर दूसरी गेंद जैसे ही उन्होंने शॉर्ट पिच डाली गस एटकिंसन ने पुल शॉट पर चार रन बटौर मैच ही खत्म कर दिया। हर कोई उस समय हैरान रह गया क्योंकि दूसरे छोर पर जो रूट 99 रन पर नाबाद थे। उन्हें अपने शतक के लिए एक ही रन चाहिए थे। एटकिंसन अगर टैप करके एक रन भी ले लेते तो रूट की मेहनत पर पानी नहीं फिरता। वह शतक पूरा कर लेते, मगर ऐसा नहीं हुआ। इंग्लैंड 35 गेंदें शेष रहते यह मैच जीता। जो रूट 133 गेंदों पर 9 चौकों की मदद से 99 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।
भारतीय बल्लेबाजों ने किया निराश
कार्डिफ में खेले गए दूसरे वनडे में भारतीय बल्लेबाजों ने निराश किया। विराट कोहली और श्रेयस अय्यर ने फिफ्टी जरूर जड़ी, मगर टीम इंडिया एक सम्मानजनक स्कोर तक नहीं पहुंच पाई। कोहली ने 66 गेंदों पर 8 चौकों की मदद से 65 रन बनाए। वहीं श्रेयस अय्यर ने 71 गेंदों पर 66 रनों की पारी खेली, इस पारी में उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के लगाए।
एक समय पर भारत का स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 178 रन था। 32वें ओवर में जब विराट कोहली आउट हुए तो टीम इंडिया ताश के पत्तों की तरह ढह गई। भारत ने 55 रन के अंदर 7 विकेट खोए, जो टीम इंडिया की हार का कारण बना।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


