हार गया इंग्लैंड, मगर इतिहास रच गए जैकब बेथल! 22 साल के खिलाड़ी ने बढ़ा दी थी 140 करोड़ भारतीयों की धड़कनें
जैकब बेथल ने एक समय पर 140 करोड़ भारतीयों की धड़कने बढ़ा दी थी, जब 254 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए उन्होंने शतक जड़ा। इस शतकीय पारी के साथ वह इतिहास रचने में कामयाब रहे।

इंग्लैंड के 22 साल के जैकब बेथल ने भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में एक ऐसी पारी खेल दी है, जिसे काफी लंबे समय तक याद रखा जाएगा। इंडिया वर्सेस इंग्लैंड ‘महामुकाबले’ में जैकब बेथल ने 254 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए तूफानी शतक जड़ा। एक समय पर इस 22 साल के खिलाड़ी ने 140 करोड़ भारतीयों की धड़कने बढ़ा रखी थी, मगर वह इंग्लैंड को फिनिशिंग लाइन पार नहीं करा सके और सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने 7 रनों से इस मैच को जीतकर लगातार दूसरी बार फाइनल का टिकट कटाया। हालांकि जैकब बेथल अपनी इस शतकीय पारी के साथ इतिहास रच गए। उन्होंने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जो टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में आज तक कोई नहीं कर पाया।
जैकब बेथल भारत के खिलाफ उस समय बल्लेबाजी करने आए जब पारवप्ले में 38 के स्कोर पर इंग्लैंड ने दूसरा विकेट खोया था। 254 के पहाड़ जैसे स्कोर का पीछा करने के दबाव में इंग्लैंड बैक टू बैक विकेट खो रहा था। एक समय ऐसा था जब 8वें ओवर में टीम ने 95 के स्कोर पर 4 विकेट खो दिए थे, तब बेथल ने विल जैक्स के साथ 78 रनों की तूफानी साझेदारी कर इंग्लैंड की मैच में वापसी कराई।
22 साल के बेथल ने भारत के खिलाफ सेमीफाइनल में मात्र 48 गेंदों पर 8 चौकों और 7 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 105 रनों की शतकीय पारी खेली। हालांकि वह अंतिम ओवर में रन आउट हो गए।
जैकब बेथल इन 105 रनों के साथ आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप नॉकआउट में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं।
पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के फिन एलन ने शतक जड़ इतिहास रचा था। वह टी20 वर्ल्ड कप नॉकआउट में शतक जड़ने वाले पहले खिलाड़ी बने थे। उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 100 रनों की नाबाद पारी खेली थी। अगले ही दिन बेथल ने उनसे 5 रन अधिक बनाकर टी20 वर्ल्ड कप नॉकआउट में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
T20 वर्ल्ड कप नॉकआउट में सबसे ज़्यादा इंडिविजुअल स्कोर
105 - जैकब बेथेल बनाम IND, मुंबई वानखेड़े स्टेडियम, 2026
100* - फिन एलन बनाम SA, कोलकाता ईडन गार्डन्स, 2026 SF
96* - तिलकरत्ने दिलशान बनाम WI, द ओवल, 2009 SF
89* - विराट कोहली बनाम WI, मुंबई वानखेड़े स्टेडियम, 2016 SF
89 - संजू सैमसन बनाम ENG, मुंबई वानखेड़े स्टेडियम, 2026
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


