
इंग्लैंड ने कोई सबक नहीं सीखा, ऑस्ट्रेलियाई हंस रहे हैं; एशेज हारने पर माइकल वॉन ने खूब सुनाया
एशेज पर ऑस्ट्रेलिया ने कब्जा कर लिया है। 5 टेस्ट मैच की सीरीज में उसने 3-0 की अजेय बढ़त बनाकर सीरीज अभी ही अपने नाम कर ली है। इंग्लैंड के इस लचर प्रदर्शन पर वहां के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने निराशा जताई है। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई हंस रहे हैं। इंग्लिश टीम सबक सीखने के लिए तैयार ही नहीं है।
एशेज पर ऑस्ट्रेलिया ने कब्जा कर लिया है। 5 टेस्ट मैच की सीरीज में उसने 3-0 की अजेय बढ़त बनाकर सीरीज अभी ही अपने नाम कर ली है। अब इंग्लैंड पर वाइटवॉश का खतरा मंडरा रहा है। जिस तरह शुरुआती तीनों मैचों में इंग्लैंड ने सरेंडर किया है, उससे अगर बाकी दोनों मैच में भी वह चारों खाने चित हो तो हैरानी की कोई बात नहीं है। इंग्लैंड के इस लचर प्रदर्शन पर वहां के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने निराशा जताई है। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई हंस रहे हैं। इंग्लिश टीम सबक सीखने के लिए तैयार ही नहीं है।
मौजूदा एशेज पर कब्जे का इंग्लैंड का सपना रविवार को तब हवा हो गया जब ऑस्ट्रेलिया ने एडिलेड में खेले गए तीसरे टेस्ट में भी जीत हासिल की। उसने मेहमान टीम को 82 रन से शिकस्त दी।
इसके बाद वॉन ने द टेलिग्राफ के अपने कॉलम में लिखा, ‘इंग्लैंड ने सोचा था कि वह नए मेथड के साथ ऑस्ट्रेलिया आ रही है जिससे वह जीत सकती है। लेकिन वह पूरी तरह गलत साबित हुआ। कुछ अच्छी टीमों के साथ मुकाबले में पहले ही उसकी कमजोरी पकड़ी जा चुकी थी लेकिन वे सुधार करने में नाकाम रहे। आप देखिए एडिलेड में पहली पारी में बेन स्टोक्स ने किस तरह की बैटिंग की और जैक क्रॉली ने दूसरी पारी में कैसे किया। आप सोचते हैं कि अगर वे पर्थ में दूसरी पारी में ऐसी बैटिंग किए होते तो गेम शायद बच सकता था। पर्थ में उस हार ने इस दौरे को ही खत्म कर दिया। दो दिन में ही हार गए।’
वॉन ने ये भी लिखा कि ऑस्ट्रेलिया की टीम पहले 2 टेस्ट में तो फुल स्ट्रेंथ के साथ उतरी तक नहीं थी क्योंकि नियमित कप्तान पैट कमिंस और जोश हेजलवुड नहीं खेले थे। कमिंस तीसरे टेस्ट में वापसी किए और हेजलवुड पूरी सीरीज से ही बाहर हो गए।
वॉन ने लिखा, 'इंग्लैंड के लिए ये दौरा बहुत खराब रहा है और ऑस्ट्रेलिया की टीम ने ओवल की पिच पर जीत के बाद जिस तरह रोनबॉल टी शर्ट पहना, वह इसका परफेक्ट उदाहरण है। ऑस्ट्रेलियाई हंस रहे हैं।'






