जो रूट ने एक पारी से सचिन को पछाड़ा, कोहली नंबर 1; इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज 23 हजार रन
Joe Root Surpasses Sachin Tendulkar: जो रूट ने इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज 23 हजार रन पूरे करने के मामले में सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया हैं। उन्होंने यह कमाल सिर्फ एक पारी से आगे रहते हुए किया।

इंग्लैंड ने श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। इंग्लैंड ने चेस्टर ली स्ट्रीट के मैदान पर आयोजित पहले वनडे में 89 रनों से जीत दर्ज की। इंग्लैंड ने 48.1 ओवर में 265 रन जुटाए और श्रीलंका को 37 ओवर में 176 रनों पर ढेर कर दिया। इंग्लैंड के लिए कप्तान हैरी ब्रूक (67) ने अर्धशतक जमाया जबकि विल जैक्स 46 रन बनाकर नाबाद रहे। दिग्गज बल्लेबाज जो रूट फिफ्टी से चूक गए। उन्होंने 52 गेंदों का सामना करने के बाद पांच चौकों की मदद से 44 रन जोड़े। रूट ने अपनी पारी के दौरान 23 हजार इंटरनेशनल रन कंप्लीट किए। वह इंटरनेशनल क्रिकेट में 23 हजार या उससे अधिक रन बनाने वाले आठवें प्लेयर बन गए हैं।
रूट ने 23 हजारी बनकर सचिन को पछाड़ा
रूट ने इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज 23 हजार रन पूरे करने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में सचिन तेंदुलकर को पछाड़ दिया है। वह दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। 35 वर्षीय रूट ने 521 पारियों में यह आंकड़ा छुआ। महान बल्लेबाज सचिन 522 पारियों में 23 हजारी बने थे। लिस्ट में सुपरस्टार क्रिकेटर विराट कोहली नंबर-1 हैं। उन्होंने 490 पारियों में यह कारनामा अंजाम दिया था। 37 वर्षीय टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं और भारत के लिए सिर्फ वनडे में एक्टिव हैं। टॉप 8 में तीन भारतीय शामिल हैं। राहुल द्रविड़ (576 पारियां) सातवें स्थान पर हैं।
जो रूट इस लिस्ट में आठवें पायदान पर
वहीं, रूट इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की फेहरिस्त में फेहरिस्त में आठवें स्थान पर हैं। वह अब तक 394 इंटरनेशनल मैचों में 23041 रन बटोर चुके हैं। उन्होंने 61 शतक और 122 अर्धशतक लगाए हैं। सर्वाधिक रनों का वर्ल्ड रिकॉर्ड सचिन के नाम दर्ज है। उन्होंने 664 मुकाबलों में 34357 रन बनाए। सचिन 100 इंटरनेशनल सेंचुरी लगाने वाले इकलौते क्रिकेटर हैं। कोहली दूसरे पायदान पर हैं। उन्होंने 562 मैचों में 28359 रन जुटाए हैं, जिसमें 85 शतक हैं।
इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज 23000 रन
490 पारियां - विराट कोहली (भारत)
521 पारियां - जो रूट (इंग्लैंड)
522 पारियां - सचिन तेंदुलकर (भारत)
544 पारियां - रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया)
551 पारियां - जैक्स कैलिस (साउथ अफ्रीका)
568 पारियां - कुमार संगकारा (श्रीलंका)
576 पारियां - राहुल द्रविड़ (भारत)
645 पारियां - महेला जयवर्धने (श्रीलंका)
इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन
34357 - सचिन तेंदुलकर
28359 - विराट कोहली
28016 - कुमार संगकारा
27483 - रिकी पोंटिंग
25957 - महेला जयवर्धने
25534 - जैक्स कैलिस
24208 - राहुल द्रविड़
23041 - जो रूट


