'अब पछताए क्या, जब चिड़िया चुग गई खेत,' उसामा मीर ने बिना नाम लिए पाकिस्तान बोर्ड पर साधा निशाना
स्पिनर उसामा मीर ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम की इंग्लैंड के खिलाफ शर्मनाक हार और टीम में हुए बदलाव को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उनका मानना है कि सिस्टम को किसी ने तोड़ दिया और उसको सही करने में देरी हो गई है।
पाकिस्तान क्रिके टीम एक बार फिर मुश्किल दौर से गुजर रही है। इंग्लैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के शुरुआती दो मैचों में खराब प्रदर्शन के कारण टीम को शर्मनार हार का सामना करना पड़ा। इमाम उल हक की चोट और खिलाड़ियों के प्रदर्शन को लेकर काफी चर्चा शुरू हो गई है, जिसके कारण पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने सीरीज के बीच में ही सात खिलाड़ियों को वापस बुला लिया और दो कोच को भी बाहर का रास्ता दिखाया है। पूर्व क्रिकेटर पाकिस्तान की टीम की जमकर आलोचना कर रहे हैं, जिसमें स्पिनर उसामा मीर का नाम भी जुड़ गया है। उन्होंने बड़े पैमाने पर बदलाव किए जाने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और टीम प्रबंधन पर निशाना साधा है।
पूरे सिस्टम को तबाह कर दिया
पाकिस्तान की टीम इंग्लैंड के खिलाफ जारी तीन मैचों की टेस्ट सीरीज हार चुकी है। जिसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने सात खिलाड़ियों को वापस बुला लिया और मुख्य कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल को भी हटा दिया है। इन दोनों टीमों के बीच तीसरा टेस्ट 9 सितंबर से खेला जाएगा। मीर का मानना है कि पूरा सिस्टम खराब होकर खत्म हो गया और अब उसे ठीक किया जा रहा है। उन्होंने एक्स पर लिखा, ''देखकर हैरानी हो रही है कि कैसे किसी ने पूरे सिस्टम को तबाह कर दिया और किसी का ध्यान भी नहीं गया। अब पछताए क्या, जब चिड़िया चुग गई खेत।''
मीर ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड या किसी व्यक्ति का नाम नहीं लिया है लेकिन उनका ये कमेंट पाकिस्तान क्रिकेट टीम में मची उथल पुथल के बाद आया है। पाकिस्तान के इंग्लैंड दौरे की शुरुआत बेहद शर्मनाक रही। टीम को लीड्स में खेले गए पहले ही मुकाबले में पारी और 103 रनों से हार का सामना करना पड़ा। दूसरे टेस्ट में पाकिस्तानी फैंस को टीम से टक्कर की उम्मीद थी लेकिन बल्लेबाजों ने फिर निराशा किया और इस बार टीम 194 रनों से हारी। पाकिस्तान की टीम लॉर्ड्स टेस्ट में पहली पारी में सिर्फ 110 के स्कोर पर ही सिमट गई। वहीं दूसरी पारी में 389 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम 194 रन ही बना सकी, जिसमें से साउद शकील ने 97 रनों की पारी खेली थी।
इमाम के चोट की होगी जांच
पीसीबी और टीम से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, इमाम की चोट और मोहम्मद रिजवान के कथित लापरवाह रवैये ने बोर्ड की नाराजगी को और बढ़ाया। एक सूत्र ने कहा, ''इमाम के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं। उन्हें बोर्ड की जांच समिति के सामने पेश होना पड़ सकता है, जो उनकी पिंडली की चोट की जांच करेगी। इसी चोट के कारण वह दूसरे टेस्ट की दोनों पारियों में बल्लेबाजी नहीं कर सके थे।'' इमाम की चोट को लेकर यह अटकलें भी लगाई गईं कि कहीं उन्होंने चोट का बहाना तो नहीं बनाया था। टीम प्रबंधन ने दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन बयान जारी कर कहा था कि इमाम को पिंडली की मांसपेशियों में चोट लगी है। बाद में पता चला कि पहले दिन क्षेत्ररक्षण के दौरान उनकी मांसपेशी में खिंचाव (टियर) आया था।



