कैसे सुधरेगी पाकिस्तान की बैटिंग? कोच सरफराज ने टीम मीटिंग में बल्लेबाजों को दी सलाह
पाकिस्तान की बल्लेबाजी की जमकर किरकिरी हुई है। इंग्लैंड के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान की टीम लगातार पारियों में सस्ते में सिमटी है। कोच सरफराज का मानना है कि बल्लेबाजों को क्रीज पर ज्यादा समय देने की जरूरत है।

पाकिस्तान की टीम का इंग्लैंड के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज में प्रदर्शन बेहद खराब रहा है। टीम की बल्लेबाजी की काफी आलोचना हो रही है। जारी सीरीज में तीसरी बार पाकिस्तान 200 से कम के स्कोर पर सिमट गया। लॉर्ड्स टेस्ट में भी टीम का प्रदर्शन नहीं सुधरा और बाबर आजम की वापसी के बाद भी टीम सिर्फ 110 रन ही बना सकी। सरफराज का मानना है कि टीम के लिए चिंता का विषय है। पाकिस्तान को पहले मुकाबले में पारी और 103 रनों से हार का सामना करना पड़ा। पहले मैच में पाकिस्तान ने 171 और 135 रन बनाए।
हम पिच पर पर्याप्त समय नहीं बिता रहे
सरफराज ने पहले दिन के बाद कहा, ''देखिए आप इस चीज से मुंह नहीं मोड़ सकते हैं कि हमारी टीम 30-35 ओवर में ऑलआउट हो जा रही है। जाहिर है, हमने इस पर चर्चा की है और बल्लेबाजों को भी इस बात का अंदाजा है कि हम पिच पर पर्याप्त समय नहीं बिता रहे हैं। हां बल्लेबाजों के लिए परिस्थितियां निश्चित रूप से चुनौतीपूर्ण हैं, लेकिन जो बल्लेबाज बीच में ज्यादा समय बिताएगा और 30 से 40 गेंदें खेलेगा, उसे फायदा होगा। 30-40 गेंदें मुश्किल होती हैं, लेकिन अगर हम उससे पार पा लेते हैं, तो हम बेहतर स्थिति में होंगे। उन्होंने उदाहरण के तौर पर ओपनर आजान अवैस का जिक्र किया, जिन्होंने 46 रनों के लिए 102 गेंदों का सामना किया था।''
उन्होंने आगे कहा, ''आजान ने शुरुआत में दबाव भी अच्छे से संभाला और बाद में कुछ बहुत अच्छे शॉट खेले। इसलिए मुझे लगता है कि पहले एक घंटे, पहली 40 या 50 गेंदों तक, आपको अच्छी तकनीक के साथ खेलने की जरूरत है। मुझे लगता है कि अजान अवैस की तारीफ करनी चाहिए। उस लड़के ने आर्चर के उस स्पेल को जिस तरह संभाला, यह उसके और उसके करियर के लिए बहुत अच्छा है। उसने एक अहम समय पर बल्लेबाजी की और बेहतरीन गेंदबाजी का सामना किया। एक बल्लेबाज के तौर पर यह उसके लिए बड़ा बूस्ट होगा।''
इंग्लैंड ने बनाई मजबूत पकड़
ओली रॉबिन्सन (चार विकेट) और जोफ्रा आर्चर ( तीन विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर इंग्लैंड ने लॉर्ड्स में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन पाकिस्तान पर 261 रनों की बढ़त के साथ मैच पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। दिन भर में कुल 13 विकेट गिरे, जिनमें से सात विकेट रॉबिन्सन और आर्चर ने लिए। उन्होंने पाकिस्तान को पहली पारी में 110 रनों पर समेट दिया, जिससे वे 180 रन पीछे रह गए। इमाम-उल-हक पहले दिन फील्डिंग के दौरान पिंडली की मांसपेशी में खिंचाव के कारण बल्लेबाजी नहीं कर पाए। शुक्रवार को शाम खराब रोशनी के कारण खेल रोकना पड़ा, तब तक इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी में 3 विकेट पर 81 रन बना लिए थे। स्टंप्स के समय एमिलियो गे (नाबाद 30) और हैरी ब्रुक (नाबाद सात) रन बना कर खेल रहे थे।



