जो रूट सबसे ज्यादा टेस्ट खेलने वाले तीसरे खिलाड़ी बने, सचिन तेंदुलकर-एंडरसन का रिकॉर्ड खतरे में
जो रूट टेस्ट में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। अब उनके आगे सिर्फ सचिन तेंदुलकर और उनके पूर्व साथी जेम्स एंडरसन हैं।
इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने बुधवार को पाकिस्तान के खिलाफ मैच में उतरते ही एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। वह सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। जो रूट को हाल ही में इंग्लैंड की टेस्ट टीम का दोबारा कप्तान बनाया गया है। उनकी कप्तानी में टीम ने जारी पाकिस्तान सीरीज में लगातार दो मुकाबले जीते हैं । इंग्लैंड ने एजबेस्टन टेस्ट में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है और गेंदबाजों ने इस फैसले को सही साबित कर दिया है। क्योंकि पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने एक बार फिर घुटने टेक दिए हैं।
सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने वाले खिलाड़ी
खेल के सबसे लंबे प्रारूप में सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड महान सचिन तेंदुलकर के नाम है। उन्होंने 200 टेस्ट मैच खेले हैं। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर इंग्लैंड के दिग्गज गेंदबाज जेम्स एंडरसन हैं, जिन्होंने 188 मुकाबले खेले। इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट इस सूची में तीसरे नंबर पर आ गए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ मैच उतरते ही उन्होंने ये उपलब्धि हासिल की। उनके नाम अब टेस्ट में 169 मैच हो गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ ने टीम के लिए 168 टेस्ट मैच खेले। ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग भी इस लिस्ट में हैं। उन्होंने 168 मुकाबले खेले हैं।
रूट के बल्ले से नहीं निकले रन
पाकिस्तान के खिलाफ जारी सीरीज में जो रूट उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। भले ही बतौर कप्तान उनकी टीम ने दोनों मैचों में एकतरफा जीत हासिल की हो लेकिन रूट का बल्ला शांत रहा है। उन्होंने दो मैचों मं 94 रन बनाए हैं। उन्होंने एक अर्धशतक लगाया है। रूट इससे पहले 2017-22 तक इंग्लैंड के स्थायी टेस्ट कप्तान रह चुके हैं। उन्होंने 65 टेस्ट मैच में कप्तानी की है जो इंग्लैंड की तरफ से रिकॉर्ड है। इनमें से उन्होंने रिकॉर्ड 27 मैच जीते हैं। इंग्लैंड अपने पिछले नौ टेस्ट मैच में से सात गंवा चुका है और दिसंबर 2024 के बाद से कोई टेस्ट सीरीज नहीं जीत पाया था।
सीरीज पहले ही जीत चुकी इंग्लैंड ने नये खिलाड़ियों से भरी पाकिस्तान की टीम के खिलाफ तीसरे और आखिरी टेस्ट में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। इंग्लैंड की टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पाकिस्तान ने लाडर्स पर दूसरे टेस्ट के बाद सात खिलाड़ियों , मुख्य कोच और गेंदबाजी कोच को स्वदेश वापिस भेज दिया था । विकेटकीपर गाजी घोरी, गेंदबाज इमरान रंधावा और रजाउल्लाह खान टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करेंगे जबकि सलामी बल्लेबाज सईम अयूब की टीम में वापसी हुई है।



