
इंग्लैंड से मिली हार, फिर भी नेपाल के कप्तान को किस बात का गर्व? ब्रुक ने भी की तारीफ
वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए रोमांचक मुकाबले में मात्र 4 रनों से मिली हार के बाद नेपाल के कप्तान रोहित पौडेल ने अपनी टीम के प्रदर्शन पर गर्व व्यक्त किया है। मैच के बाद प्रेजेंटेशन के दौरान पौडेल ने अपनी टीम की तारीफ की। विपक्षी कप्तान ब्रुक ने भी नेपाल के खेल को सराहा।
वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए रोमांचक मुकाबले में मात्र 4 रनों से मिली हार के बाद नेपाल के कप्तान रोहित पौडेल ने अपनी टीम के प्रदर्शन पर गर्व व्यक्त किया है। मैच के बाद प्रेजेंटेशन के दौरान पौडेल ने कहा कि हालांकि परिणाम उनके पक्ष में नहीं रहा और टीम में निराशा है, लेकिन जिस तरह से खिलाड़ियों ने विश्व चैंपियन टीम को टक्कर दी वह काबिल-ए-तारीफ है।
रोहित पौडेल ने टीम के जज्बे पर बात करते हुए कहा, "मैदान पर उतरने से पहले हमारा एकमात्र संदेश यह था कि हम अपना 110 प्रतिशत योगदान देंगे और लड़कों ने वही किया। मुझे अपनी टीम पर बहुत गर्व है।" उन्होंने स्पष्ट किया कि नेपाल की टीम इस विश्व कप में केवल औपचारिकता निभाने या हिस्सा लेने नहीं आई है। उन्होंने कहा, "हम यहां सिर्फ भाग लेने नहीं आए थे, हम प्रतिस्पर्धा करने आए थे। हमें विश्वास था कि अगर हम अपनी सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलें, तो हम किसी भी टीम को हरा सकते हैं और आज हमने अपनी 'बेस्ट ब्रांड ऑफ क्रिकेट' खेली।"
मैच की रणनीति और डेथ ओवरों के बारे में बात करते हुए कप्तान ने स्वीकार किया कि अंतिम ओवरों की गेंदबाजी में सुधार की गुंजाइश है। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड भी डेथ ओवरों में संघर्ष कर रहा था, लेकिन सैम करन ने आखिरी ओवर में शानदार यॉर्कर डालकर मैच निकाल लिया। अपनी और दीपेंद्र सिंह ऐरी की साझेदारी पर पौडेल ने बताया, "हम सिर्फ गणना कर रहे थे। हम चाहते थे कि आखिरी 5 ओवरों के लिए हमारे हाथ में विकेट हों और हम प्रति ओवर 10-12 रन का लक्ष्य रख रहे थे।" उन्होंने यह भी खुलासा किया कि दिग्गज स्पिनर आदिल राशिद पर हमला करने की कोई पूर्व योजना नहीं थी, लेकिन मैदान पर परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने जोखिम उठाने का फैसला किया जो सफल रहा।
पौडेल ने नेपाल और काठमांडू से मिले भारी जनसमर्थन के लिए प्रशंसकों का आभार माना। उन्होंने कहा कि प्रशंसकों का जुनून उन्हें प्रेरित करता है और वे उनकी उम्मीदों और विश्वास को लेकर मैदान पर उतरते हैं। इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने भी नेपाल की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने असाधारण खेल दिखाया और विशेष रूप से आदिल राशिद जैसे गेंदबाज का सामना जिस तरह से किया, वह अद्भुत था। नेपाल का अगला मुकाबला अब इटली से है, जिसे कप्तान ने हल्के में न लेने की बात कही है।






