खत्म हुआ सूर्या युग….जैसा हुआ था आगाज वैसे नहीं हुआ अंत; सूर्यकुमार ने कप्तानी के साथ गंवाई टीम में जगह
सूर्यकुमार यादव को शनिवार को भारतीय टी20 टीम के कप्तानी के पद से हटा दिया गया। 5 साल के छोटे से करियर में सूर्यकुमार ने फर्श से अर्श तक का सफर तय किया था। हालांकि खराब फॉर्म की वजह से वह कप्तानी के साथ अपनी जगह भी गंवा बैठे।

सूर्यकुमार यादव ने 30 साल की उम्र में जब भारतीय टीम के लिए डेब्यू किया था तो उन्होंने अगले कुछ सालों में अपनी बल्लेबाजी से सबका दिल जीत लिया था। लेकिन जितनी तेजी से उनके करियर ने उड़ान भरी, कुछ उसी अंदाज में उनके करियर का अंत भी हुआ। 2021 में डेब्यू करने वाले सूर्यकुमार ने कुछ साल के अंदर ही अपनी बल्लेबाजी के दम पर इंटरनेशनल स्तर पर एक अलग पहचान बनाई और काफी समय तक दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज भी बने रहे और फिर कप्तानी की जिम्मेदारी भी 2024 में उनको मिल गई। जिसके बाद उनकी कप्तानी में टीम चैंपियन भी बनी लेकिन वह अपनी बैटिंग से मात खा गए और लगातार खराब प्रदर्शन के कारण कप्तानी के साथ टीम में अब अपनी जगह भी गंवा दी।
सूर्यकुमार यादव का टी20 इंटरनेशनल करियर
सूर्यकुमार यादव ने मार्च 2021 में 30 साल की उम्र में डेब्यू किया था। घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में लंबे समय तक प्रदर्शन करने के बाद उन्हें आखिरकार मौका मिला। उन्होंने टीम में आने के बाद इसे भुनाया भी और सबसे कम गेंदों में एक हजार रन बनाने वाले बल्लेबाज बने थे। उन्होंने 573 गेंदों में 1000 रन बनाए थे। हालांकि 2025 में अभिषेक (528) ने उनका रिकॉर्ड तोड़ दिया था। वह अक्टूबर 2022 से 2024 तक करीब 20 महीने आईसीसी टी20 रैंकिंग में दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज भी रहे। उन्होंने 2024 टी20 विश्व कप में भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। सूर्या ने 9 मैचों में 56.20 की औसत और 181.29 के धमाकेदार स्ट्राइक रेट से 281 रन बनाए थे। उन्होंने तीन अर्धशतक भी लगाए। हालांकि उनका फाइनल में बाउंड्री लाइन पर डेविड मिलर का कैच काफी यागदार बना था। उन्होंने टी20 विश्व कप 2026 में कुल 9 पारियों में 242 रन बनाए, उनका स्ट्राइक रेट 136.72 रहा।
बतौर बल्लेबाज-कप्तान रिकॉर्ड
टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू करने के बाद से उन्होंने दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कप्तानी से पहले 61 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 2040 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने तीन शतक 17 अर्धशतक लगाए। इसके बाद बतौर कप्तान उन्होंने 52 मैचों में 1232 रन बनाए, जिसमें उन्होंने एक शतक और आठ अर्धशतक लगाए। सूर्यकुमार यादव ने टी20 इंटरनेशनल में 113 मैचों में 3272 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 162.9 का रहा। उन्होंने अपने करियर में चार शतक और 25 अर्धशतक लगाए।
सूर्यकुमार को ना केवल इस साल की शुरुआत में टी20 विश्व कप जीतने के बावजूद कप्तान पद से हटाया गया है, बल्कि पिछले 18 महीनों में उनके खराब प्रदर्शन के कारण उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया है। घरेलू मैदान पर विश्वकप के दौरान नौ पारियों में 136.72 के स्ट्राइक रेट से 242 रन बनाने वाले 35 साल के सूर्यकुमार को खराब फॉर्म के कारण टीम से बाहर कर दिया गया। आईपीएल 2026 में भी उन्होंने मुम्बई इंडियंस के लिए 13 पारियों में 270 रन बनाये थे।
भारत के ब्रिटेन के दौरे में 26 और 28 जून को बेलफास्ट में आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे। इसके बाद भारत इंग्लैंड के खिलाफ एक जुलाई से शुरू होने वाले पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय और तीन वनडे मैच खेलेगा। बीसीसीआई ने टीम के नेतृत्व में यह बदलाव लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक और उसी साल ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए एक नई टी-20 टीम तैयार करने को लिए किया हैं।
लेखक के बारे में
Himanshu Singhहिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)
हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।
परिचय और अनुभव
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।
खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी



