अजीत अगरकर युग का अंत, 4 अक्टूबर के बाद भारत को मिलेगा नया चीफ सिलेक्टर, BCCI सचिव ने किया कन्फर्म
भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम की चयन समिति को उसका अध्यक्ष जिसे सीधी भाषा में चीफ सिलेक्टर भी कहा जाता है चार अक्टूबर के बाद मिलेगा। इस तारीख को अजीत अगरकर का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। इसके बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड निर्णय लेगा कि अगला चीफ सिलेक्टर कौन होगा।

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बुधवार को कहा कि बोर्ड के पास मौजूदा चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर का कार्यकाल चार अक्टूबर को समाप्त होने तक पर्याप्त समय है और इस पद को लेकर कोई भी फैसला इसके बाद ही लिया जाएगा।
18 सितंबर को अगरकर ने कर दिया था सूचित, 4 अक्टूबर के बाद नए चीफ का फैसला
अगरकर ने 18 सितंबर को बीसीसीआई को सूचित किया था कि वह भारतीय पुरुष चयन समिति के अध्यक्ष के तौर पर अपने तीन साल के कार्यकाल का विस्तार नहीं चाहते हैं। सैकिया ने पीटीआई वीडियो से कहा, ''जहां तक अजीत अगरकर का सवाल है, उनका कार्यकाल चार अक्टूबर को समाप्त होने जा रहा है और हमारे पास चार अक्टूबर तक पर्याप्त समय है।'' उन्होंने कहा, ''चार अक्टूबर के बाद जो पद रिक्त होगा, उसके संबंध में हम फैसला करेंगे। बीसीसीआई द्वारा कोई भी फैसला किए जाने के बाद हम निश्चित रूप से इसकी सार्वजनिक रूप से घोषणा करेंगे।''
बीसीसीआई सचिव को पुरुष क्रिकेट टीम से भी गोल्ड की उम्मीद
बीसीसीआई सचिव ने उम्मीद जताई कि भारतीय पुरुष टीम भी महिला टीम की उपलब्धि दोहराएगी जिसने जापान में एशियाई खेलों की क्रिकेट प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है। सैकिया ने कहा, ''हमें बहुत गर्व है और देश उनकी शानदार जीत का जश्न मना रहा है। महिला टीम ने वास्तव में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है और वह एक साल से अधिक समय से अपनी जीत की लय बरकरार रखे हुए है।'' उन्होंने कहा, ''जहां तक पुरुष टीम का सवाल है, हमारा अभियान 28 तारीख से शुरू हो रहा है और फाइनल तीन अक्टूबर को है। हमें उम्मीद है कि पुरुष टीम भी उसी राह पर चलेगी, जो महिला टीम ने जापान में दिखाई है। मुझे उम्मीद है कि तीन अक्टूबर को देश के पास जश्न मनाने का एक और स्वर्णिम अवसर होगा।''
भारतीय महिला टीम ने दिलाया गोल्ड, क्या पुरुष करेंगे कमाल
बता दें कि भारतीय महिला टीम ने 22 सितंबर, मंगलवार को श्रीलंका को 147 रनों के बड़े अंतर से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। इस मैच में शेफाली वर्मा और स्मृति मंंधाना ने ताबड़तोड़ पारी खेली थी। अंत के ओवरों में ऋचा घोष ने भी अपना बल्ला गरमाया था। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 216 रन बना दिए। इसके जवाब में श्रीलंका की टीम 70 रनों के आंकड़े को भी नहीं छू सकी। भारतीय महिला टीम ने तो अपना काम कर दिया है। अब पुरुष टीम की बारी है। भारत 28 तारीख को सीधे क्वार्टरफाइनल में भिड़ेगा। क्या श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली आईआईसी की नंवन बन रैंकिंग वाली टीम दमदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर पाएगी यह बड़ा सवाल है।



