'वनडे में 500 रन भी बन सकते हैं', ड्वेन ब्रावो ने गेंदबाजों को दी बदलने की सलाह; क्रिस गेल हुए खुश
वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ड्वेन ब्रावो ने कहा है कि वनडे में जिस तरह बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिल रहा है, वनडे में एक पारी में 500 रन बन सकते हैं। क्रिस गेल ने बल्लेबाजों की तारीफ की है।

वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो का मानना है कि बल्लेबाजों के बढ़ते दबदबे को देखते हुए भविष्य में वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की एक पारी में 500 रन भी बन सकते हैं। उन्होंने इसके साथ ही गेंदबाजों से प्रासंगिक बने रहने के लिए अपने कौशल को बढ़ाने और नए-नए तरीके अपनाने की अपील की। ब्रावो वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के दौरान वेस्टइंडीज के अपने पूर्व साथी और स्टार बल्लेबाज क्रिस गेल के साथ बात कर रहे थे।
गेंदबाजों को सुधार करना होगा
ड्वेन ब्रावो ने कहा, ''बल्लेबाजों के कौशल में काफी सुधार हुआ है। अब गेंदबाजों को सुधार करना होगा और अपने खेल में नई चीजों को जोड़ना होगा। विश्व क्रिकेट में हो रहे बदलावों के साथ तालमेल बनाए रखने के लिए उन्हें अपने कौशल को काफी निखारना होगा।'' उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब आधुनिक क्रिकेट में बड़े स्कोर और आक्रामक बल्लेबाजी खेल की पहचान बनते जा रहे हैं। हाल में भारत और वेस्टइंडीज के बीच हुई वनडे सीरीज ने भी आक्रामक बल्लेबाजी के बढ़ते प्रभाव को एक बार फिर सामने रखा है।
पूर्व ऑलराउंडर का मानना है कि मौजूदा रुझान के चलते वनडे क्रिकेट में स्कोरिंग का स्तर भी ऐसी ऊंचाई तक पहुंच सकता है, जिसकी कभी कल्पना नहीं की गई थी। उन्होंने कहा, ''खेल बदल रहा है। इसकी गति तेज हो गई है और यह अच्छा है लेकिन गेंदबाजों को भी इससे तालमेल बिठाना होगा। जिस तरह से बल्लेबाज निर्भीक होकर बल्लेबाजी कर रहे हैं उसे देखते हुए मुझे खुशी है कि मैंने खेलना छोड़ दिया है। '' ड्वेन ब्रावो का मानना है कि बल्लेबाजों के दबदबे को देखते हुए वनडे में 500 रन भी बन सकते हैं।
क्रिस गेल ने बल्लेबाजों की तारीफ की
वहीं, गेल ने बल्लेबाजों की नई पीढ़ी के निडर रवैये का स्वागत करते हुए कहा कि शुरुआत से ही आक्रामक खेलने की उनकी प्रवृत्ति के कारण हाल में बड़े स्कोर देखने को मिले हैं। टी20 क्रिकेट के दौर में आक्रामक बल्लेबाजी और लंबे छक्कों की संस्कृति को लोकप्रिय बनाने वाले वेस्टइंडीज के पूर्व सलामी बल्लेबाज का मानना है कि यह बदलाव सिर्फ तकनीक का नहीं, बल्कि बल्लेबाजों की सोच में आए परिवर्तन का भी परिणाम है। गेल ने कहा, "खेल बदल गया है। खिलाड़ी बदल गए हैं। अब बल्लेबाज रन बनाने के लिए ज्यादा भूखे हैं और पहली ही गेंद से निडर होकर खेलते हैं। उनमें किसी तरह का डर नहीं है और यह खेल के लिए अच्छी बात है।"
उन्होंने कहा, ''मुझे खुशी है कि अब गेंदबाजों की बजाय बल्लेबाज रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। इसका कारण यह है कि युवा खिलाड़ी अब निडर होकर खेल रहे हैं। वे पहली गेंद से ही आक्रामक रुख अपनाते हैं।'' गेल ने कहा, ''खेल बदल गया है। खिलाड़ी बदल गए हैं। बल्लेबाज अब रन बनाने के लिए बेताब हैं और वे पहली ही गेंद से निर्भीक होकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।''


