तिलक वर्मा की टीम ने दलीप ट्रॉफी फाइनल में मारी एंट्री, नॉर्थ जोन को चौथे दिन मिली करारी शिकस्त
Duleep Trophy Semifinal Day 4 Highlights: दलीप ट्रॉफी 2026 के दूसरे सेमीफाइनल का भी रिजल्ट आ गया है। साउथ जोन ने चौथे दिन नॉर्थ जोन को करारी शिकस्त दी। तिलक वर्मा नाबाद लौटे।

Duleep Trophy Semifinal Day 4 Highlights: तिलक वर्मा की अगुवाई वाली साउथ जोन की टीम ने दलीप ट्रॉफी 2026 में एंट्री कर ली है। साउथ जोन ने बुधवार को दूसरे सेमीफाइनल में नॉर्थ जोन के खिलाफ सात विकेट से धमाकेदार जीत की। नॉर्थ जोन ने मैच के चौथे दिन 181 रनों का लक्ष्य रखा, जिसे साउथ जोन ने 43.1 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर आसानी से हासिल कर लिया। तिलक ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 79 गेंदों में आठ चौकों की मदद से नाबाद 51 रन बनाए। उन्होंने स्मरण रविचंद्रन (42 गेंदों में नाबाद 32) के साथ चौथे विकेट के लिए 80 रनों की अटूट साझेदारी की। साउथ जोन की फाइनल में ईस्ट जोन से टक्कर होगी, जिसने सेंट्रल जोन को पहले सेमीफाइनल में चार विकेट से हराया। फाइनल 6 सितंबर से चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में होगा।
रिकी और जगदीशन फिफ्टी से चूके
साउथ जोन ने लक्ष्य का पीछा करते हुए अच्छी शुरुआत की। उसे दूसरी पारी में पहला झटका रिकी भुई के रूप में लगा। वह फिफ्टी से चूक गए। भुई ने 53 गेंदों में सात चौकों के जरिए 42 रन बनाए। उन्हें गुरनूर बराड़ ने 16वें ओवर में आउट किया। भुई ने जगदीसन के साथ 64 रनों की पार्टनरशिप की। आबिद मुश्ताक ने 17वें ओवर में शेख रशीद (1) को बोल्ड किया। एन जगदीशन ने 83 गेंदों में 43 रनों का योगदान दिया, जिसमें पांच चौके हैं। उन्होंने तिलक के साथ तीसरे विकेट के लिए 37 रन जोड़े। जगदीशन को आबिद मुश्ताक ने पवेलियन भेजा। इसके बाद, तिलक और स्मरण टीम को जिताकर लौटे।
नॉर्थ जोन ने चौथे दिन 41 रन जोड़े
बुधवार को नॉर्थ जोन ने अपनी दूसरी पारी 256/7 के स्कोर से आगे बढ़ाई और 41 रन जोड़कर तीन विकेट खो दिए। एमडी निधीश ने अंशुल कंबोज (29 गेंदों में 36), गुरनूर बराड़ (7 गेंदों में 7) और अर्शदीप सिंह (9 गेंदों में 12) को बोल्ड किया। उन्होंने पंजा खोला। निधीश ने 56 रन देकर पांच शिकार किए। निशांत सिंधु 72 गेंदों में 5 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने कंबोज के साथ आठवें विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी की। साउथ जोन ने नॉर्थ जोन को 72.4 ओवर में 297 रनों पर समेटा। साउथ जोन को पहली पारी में 117 रनों की बढ़त मिली थी।
तिलक वर्मा के शतक ने मुश्किल से निकाला
साउथ जोन ने पहली पारी में 117 रनों की बढ़त हासिल की थी। नॉर्थ जोन के 195 के स्कोर के जवाब में साउथ जोन ने पहली पारी में 312 रन बनाए थे। तिलक वर्मा ने पहली पारी में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए साउथ जोन को मुश्किल से निकाला था। उन्होंने 250 गेंदों में नाबाद 116 रन बनाए, जिसमें 9 चौक शामिल हैं। साउथ जोन के पांच विकेट 80 रन पर गिर गए थे, जिसके बाद तिलक ने डटकर मोर्चा संभाला। उन्हें श्रेयस गोपाल (87) का शानदार साथ मिला। दोनों ने छठे विकेट के लिए 175 रन की पार्टनरशिप। गोपाल ने 169 गेंदों की पारी में 87 रन जुटाए, जिसमें 11 चौके हैं। तिलक की संयमित बैटिंग का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने अपनी पारी का पहला चौका 154वीं गेंद पर लगाया। तिलक ने 10वें विकेट के लिए कवुरी सैतेजा (12) के साथ 42 रन की साझेदारी की।
साउथ जोन प्लेइंग XI: एन जगदीशन (विकेटकीपर), रिकी भुई, स्मरण रविचंद्रन, तिलक वर्मा (कप्तान), कोडिमेला हिमतेजा, शेख रशीद, श्रेयस गोपाल, तनय त्यागराजन, कवुरी सैतेजा, विध्वाथ कवरप्पा, एमडी निधीश।
नॉर्थ जोन प्लेइंग XI: कमरन इकबाल, आयुष दोसेजा, आयुष बदोनी, अब्दुल समद, कन्हैया वधावन (विकेटकीपर), निशांत सिंधु, आबिद मुश्ताक, अंशुल कंबोज, अर्शदीप सिंह, सनत सांगवान, गुरनूर बराड़।



