
दलीप ट्रॉफी फाइनल: रजत पाटीदार और यश राठौड़ का शतक, सेंट्रल जोन विशाल बढ़त की ओर
दलीप ट्रॉफी फाइनल में सेंट्रल जोन ने अपना शिकंजा कस लिया है। साउथ जोन की पहली पारी को 149 रन पर समेटने के बाद अब बल्लेबाजी में कारनामा कर रही है। कप्तान रजत पाटीदार ने शानदार 101 रन की पारी खेली। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक यश राठौड़ 137 रन बनाकर नाबाद रहे।
दलीप ट्रॉफी के फाइनल के दूसरे दिन कप्तान रजत पाटीदार और यश राठौड़ के शानदार शतकों की बदौलत सेंट्रल जोन ने अपना शिकंजा कस दिया है। टीम ने गुरुवार को पहले दिन अपनी धारदार गेंदबाजी से साउथ जोन की पहली पारी को महज 149 रन पर समेट दिया। अब रजत पाटीदार की टीम बल्लेबाजी में भी अपना लोहा मनवा रही है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक साउथ जोन पर सेंट्रल जोन की बढ़त 235 रन हो चुकी है।

सेन्ट्रल जोन की पहली पारी में दोनों ओपनर दानिश मालेवार और अक्षय वडकर ने टीम को ठोस शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 55 रन जोड़े। वडकर 22 रन बनाकर आउट हुए। स्कोर में अभी 22 रन और जुड़े कि शुभम शर्मा सिर्फ 6 रन बनाकर सस्ते में पवैलियन लौट गए। 93 के स्कोर पर मालेवार भी 53 रन बनाकर आउट हो गए। उसके बाद कप्तान रजत पाटीदार और यश राठौड़ की जोड़ी ने 167 रनों की शानदार साझेदारी की।
पाटीदार 115 गेंद में 101 रन बनाए और वह गुरपजनीत सिंह का शिकार बने। उन्होंने अपनी पारी में 12 चौके और 2 छक्के भी जड़े। उनका स्ट्राइक रेट 87.82 का हुआ।
यश राठौड़ ने भी सिर्फ 132 गेंद में 9 चौकों की मदद से अपना शतक पूरा किया। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक सेंट्रल जोन ने अपनी पहली पारी में 5 विकेट के नुकसान पर 384 रन बना लिए हैं। यश राठौड़ 137 और सारांश जैन 47 रन पर नाबाद हैं। गेंदबाजी में 5 विकेट लेने वाले जैन अब बल्लेबाजी में अर्धशतक के करीब हैं।
इससे पहले सेंट्रल जोन के गेंदबाजों ने साउथ जोन की पहली पारी को सिर्फ 149 रन पर समेट दिया। साउथ जोन का कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाया। तन्मय अग्रवाल ने सबसे ज्यादा 31 रन बनाए और वह दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हुए। सेंट्रल जोन की तरफ से सारांश जैन ने 5 और कुमार कार्तिकेय ने 4 विकेट झटके।






