Duleep Trophy 2026: नोर्थ ईस्ट जोन को मिला फॉलोऑन, दूसरे दिन इन खिलाड़ियों ने दिखाया जलवा
Duleep Trophy 2026: बेंगलुरु में जारी दलीप ट्रॉफी 2026 के क्वार्टर फाइनल मैचों का आज दूसरा दिन था। ईस्ट जोन की टीम ने 467 रन बनाए थे और फिर नोर्थ ईस्ट जोन को सस्ते में समेटकर उन्हें फॉलोऑन के लिए मजबूर कर दिया।

Duleep Trophy 2026: बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस यानी सीओई में दलीप ट्रॉफी 2026 के दो क्वार्टर फाइनल मैच खेले जा रहे हैं। इन मैचों का आज दूसरा दिन था। ईस्ट जोन और नोर्थ ईस्ट जोन, नोर्थ जोन और वेस्ट जोन के बीच मुकाबले जारी हैं। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक नोर्थ ईस्ट जोन को फॉलोऑन के लिए मजबूर होना पड़ा, जबकि नोर्थ जोन ने दूसरी पारी में 4 विकेट खो दिए।
Duleep Trophy 2026 Day 2 Live Updates
दूसरे दिन का खेल खत्म हो गया है। ईस्ट जोन ने 355/6 से आगे खेलते हुए अपने ओवरनाइट स्कोर में 100 से ज्यादा रन जोड़े और टीम 467 रन बनाने में सफल हुई। शाहबाज अहमद ने 167 तो सुदीप कुमार घरामी ने 146 रनों की पारी खेली। वहीं, वेस्ट जोन की टीम 31/2 के आगे बल्लेबाजी की। वेस्ट जोन की टीम तीसरे सेशन में 187 रन बनाकर आउट हो गई। पहली पारी के आधार पर वेस्ट जोन की टीम 64 रनों के अंतर से पिछड़ गई।
नोर्थ ईस्ट जोन टीम महज 111 रन पर ढेर हो गई। अभिजीत के सरकार ने 5 विकेट निकाले। इसके बाद ईस्ट जोन ने उन्हें फॉलोऑन दे दिया, क्योंकि टीम 300 से भी ज्यादा रनों से पिछड़ गई थी। उधर, नोर्थ जोन ने 107 रन पर 4 विकेट दूसरी पारी में खो दिए हैं।
पहले दिन के खेल का लेखा-जोखा
नोर्थ ईस्ट जोन की टीम के कप्तान रोंगसेन जोनाथन ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी और पहले दिन 80 ओवर फेंके, जिसमें 6 विकेट उन्हें मिले और ईस्ट जोन ने 355 रन बना दिए। वैभव सूर्यवंशी और कप्तान ईशान किशन का बल्ला नहीं चला, लेकिन सुदीप कुमार घरामी ने 146 रनों की पारी खेली, जबकि शाहबाज अहमद शतक बनाकर नाबाद हैं। 55 रन कुमार कुशाग्र के बल्ले से भी आए।
वहीं, दूसरे मैच में नोर्थ जोन की टीम के कप्तान कन्हैया वाधवान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी, लेकिन पूरी टीम 251 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। यश धुल, आयुष बदोनी और आयुष डोसेजा जैसे खिलाड़ी इस टीम का हिस्सा हैं। अंशुल कंबोज ने 60 रन बनाए, जबकि 51 रन आयुष बदोनी के बल्ले से आए। 42 रन आयुष डोसेजा ने बनाए। तनुष कोटियान और तुषार देशपांडे ने वेस्ट जोन के लिए 4-4 विकेट निकाले।
वेस्ट जोन टीम की बल्लेबाजी शुरू हो गई है और दिन का खेल खत्म होने तक 10 ओवर में 2 विकेट भी टीम ने खो दिए और रन 31 ही बनाए हैं। पृथ्वी शॉ 22 और हार्विक देसाई 3 रन बनाकर आउट हुए। मुशीर खान और शिवालिक शर्मा नाबाद हैं। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को बल्लेबाजी के लिए अभी आना है।



