
WPL में 3 दिन बिना दर्शकों के खेला जाएगा मैच; जानिए क्या है वजह?
महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के प्रशंसकों के लिए एक निराशाजनक खबर सामने आई है। नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले जाने वाले आगामी कुछ मुकाबलों के दौरान स्टैंड्स खाली रहेंगे और मैच बिना दर्शकों के आयोजित किए जाएंगे। इसका मुख्य कारण नवी मुंबई नगर निगम चुनाव हैं, जो 15 जनवरी को होने वाले हैं।
महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के प्रशंसकों के लिए एक निराशाजनक खबर सामने आई है। नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले जाने वाले आगामी कुछ मुकाबलों के दौरान स्टैंड्स खाली रहेंगे और मैच बिना दर्शकों के आयोजित किए जाएंगे। इसका मुख्य कारण नवी मुंबई नगर निगम चुनाव हैं, जो 15 जनवरी को होने वाले हैं। स्थानीय पुलिस ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को सूचित किया है कि चुनाव ड्यूटी के कारण वे मैच के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने में असमर्थ हैं। पुलिस बल की कमी को देखते हुए, सुरक्षा कारणों से दर्शकों को स्टेडियम में प्रवेश की अनुमति नहीं देने का बड़ा निर्णय लिया गया है।
14, 15 और 16 जनवरी को बिना दर्शकों के होगा मैच
इस फैसले का सीधा असर इस सप्ताह होने वाले महत्वपूर्ण मुकाबलों पर पड़ेगा। 14 जनवरी को दिल्ली कैपिटल्स बनाम यूपी वॉरियर्स और 15 जनवरी को मुंबई इंडियंस बनाम यूपी वॉरियर्स के बीच होने वाले मैच दर्शकों के बिना खेले जाना लगभग तय है। जहां तक 16 जनवरी को होने वाले गुजरात जायंट्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मैच का सवाल है, उस पर अभी भी संशय बना हुआ है और बीसीसीआई की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतज़ार है। हालांकि, आधिकारिक टिकटिंग प्लेटफॉर्म पर 14, 15 और 16 जनवरी के टिकट उपलब्ध नहीं हैं, जो इस बात का प्रबल संकेत है कि इन तीनों ही दिनों प्रशंसकों को स्टेडियम में प्रवेश नहीं मिलेगा।
इसलिए नहीं बदला गया वेन्यू
बता दें कि यह स्थिति तब उत्पन्न हुई जब खेलों और चुनावों की तारीखों में टकराव हुआ। WPL का शेड्यूल 29 नवंबर को ही जारी कर दिया गया था, जबकि चुनाव की तारीखों की घोषणा बाद में 15 दिसंबर को हुई। जैसे ही चुनाव की तारीख तय हुई WPL समिति को तुरंत इसकी जानकारी दे दी गई थी, लेकिन तब तक लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं और वेन्यू में बदलाव करने का समय काफी कम बचा था। प्रशंसकों के लिए यह खबर काफी चौंकाने वाली है क्योंकि टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों में डीवाई पाटिल स्टेडियम में दर्शकों की भारी भीड़ और उत्साह देखा गया था। अब प्रशंसकों को इन महत्वपूर्ण मुकाबलों का आनंद केवल टेलीविजन या डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से ही लेना होगा।
17 जनवरी के लिए टिकट उपलब्ध
फैंस के लिए राहत की बात यह है कि यह पाबंदी केवल कुछ ही दिनों के लिए है। 17 जनवरी को होने वाले डबल-हेडर मुकाबलों के लिए दर्शक वापस मैदान में लौट सकेंगे, क्योंकि उस दिन के टिकट फिलहाल बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। 17 जनवरी को मुंबई इंडियंस का सामना यूपी वॉरियर्स से होगा और दिल्ली कैपिटल्स की भिड़ंत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगी। यह नवी मुंबई में प्रशंसकों के लिए अंतिम मौका होगा, क्योंकि 17 जनवरी के बाद WPL का कारवां वडोदरा की ओर शिफ्ट हो जाएगा, जहां सीजन के बाकी मैच खेले जाएंगे।






