यश ढुल ने DPL में फोड़ा 'शतकीय बम', सलामी बल्लेबाज ने एकसाथ ये दो काम कर डाले
Yash Dhull Century: सलामी बल्लेबाज यश ढुल ने पुरानी दिल्ली 6 के खिलाफ तूफानी शतक जमाया। सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने 9 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की। उसे 141 रनों का टारगेट मिला था।

सेंट्रल दिल्ली किंग्स के सलामी बल्लेबाज यश ढुल ने बुधवार को दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 में 'शतकीय बम' फोड़ा। उन्होंने अरुण जेटली स्टेडियम में पुरानी दिल्ली 6 के खिलाफ 47 गेंदों में नाबाद 100 रनों की पारी खेली। उनके बल्ले से 6 चौके और 9 छक्के निकले। यह 23 वर्षीय ओपनर की डीपीएल में दूसरी सेंचुरी है। प्लेयर ऑफ द मैच ढुल ने एकसाथ दो काम कर डाले। उन्होंने जिस बॉल पर शतक कंप्लीट किया, उसी पर सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने जीत दर्ज की। पुरानी दिल्ली 6 को 141 रनों का लक्ष्य देने के बाद 9 विकेट से शिकस्त का सामना करना पड़ा। सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने 13.2 ओवर में टारगेट चेज किया। अभी तक अपने चार मैच में विजयी परचम फहराया है और अंक तालिका में शीर्ष पर काबिज है।
ग्रेवाल ने तहस-नहस किया टॉप ऑर्डर
बारिश के कारण मैच 15-15 ओवर का कर दिया गया था। पहले बैटिंग करने उतरी पुरानी दिल्ली 6 निर्धारित 15 ओवर में 7 विकेट पर 140 रन ही जुटा सकी। किंग्स के पेसर मनी ग्रेवाल (22 रन देकर तीन विकेट) ने टॉप ऑर्डर को तहस-नहस कर दिया। पुरानी दिल्ली 6 नौवें ओवर में स्कोर 55/5 था। कप्तान अनुज रावत (5), आर्यन गौड़ (2), देव लाकड़ा (3) और ललित यादव (5) जैसे खिलाड़ी दहाई अंक में नहीं पहुंचे। समर्थ सेठ ने 22 गेंदों में 32 रनों का योगदान दिया। वहीं, विकेटकीपर अश्विनी चिल्ला और रोहन राठी ने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। दोनों ने छठे विकेट के लिए 85 रनों की साझेदारी की। रोहन ने 21 गेंदों में 6 चौकों और दो छक्कों की मदद से 46 रन बटोरे और रनआउट हुए। विकेटकीपर अश्विनी 29 गेंदों में 38 रन जोड़े, जिसमें दो चौके और तीन सिक्स हैं। किंग्स के लिए गवनीश खुराना ने दो और तेजस बरोका ने एक शिकार किया।
ढुल ने 22 गेंदों में पूरा किया था पचासा
लक्ष्य का पीछा करते हुए सेंट्रल दिल्ली किंग्स की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। सिद्धार्थ जून ने धीमी बल्लेबाजी की। किंग्स ने तीन ओवर में सिर्फ 12 रन जुटाए। यश ढुल ने चौथे ओवर में रजनीश दादर की बखिया उधड़ते हुए 23 रन बटोरे। उन्होंने तीन छक्के और एक चौका जमाया। अगले ओवर में दिग्वेश राठी की कुटाई और 23 रन फिर आए। ढुल ने इस बार एक छक्का और तीन छक्के मारे। सिक्स नो बॉल पर आया। सिद्धार्थ 13 गेंदों में आठ रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे। उन्हें गौरव सरोहा ने छठे ओवर में रोहन को कैच करवाया। सिद्धार्थ और ढुल के बीच 60 रनों की ओपनिंग पार्टनरशिप हुई। इसके बाद, ढुल और युगल सैनी (21 गेंदों में नाबाद 27, दो चौके, एक सिक्स) ने बखूबी मोर्चा संभाला। धुल ने 22 गेंदों में फिफ्टी ठोकी। उन्होंने सैनी के साथ दूसरे विकेट के लिए 81 रनों की अटूट साझेदारी की। धुल ने 14वां ओवर करने आए दिग्वेश राठी की पहली गेंद पर डबल लिया और अगली गेंद पर सिंगल लेकर टीम को जीत की दहलीज पार कराई।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



