DPL 2026 के प्लेऑफ्स का शेड्यूल कन्फर्म, कौन खेलेगा क्वालीफायर 1 और किसके बीच होगा एलिमिनेटर? जानिए
DPL 2026 के प्लेऑफ्स का शेड्यूल कन्फर्म हो गया है। दिल्ली प्रीमियर लीग के तीसरे सीजन के क्वालीफायर 1 में सेंट्रल दिल्ली किंग्स का सामना साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज से होगा।

DPL 2026 Playoffs Schedule: दिल्ली प्रीमियर लीग के प्लेऑफ्स में पहुंचने वाली चार टीमें पहले ही फाइनल हो गई थीं, लेकिन आखिरी लीग मैच के बाद DPL 2026 के प्लेऑफ्स का शेड्यूल कन्फर्म हुआ है, क्योंकि आखिरी मैच से ही पता चला है कि पॉइंट्स टेबल में कौन सी टीम किस स्थान पर रहेगी। सेंट्रल दिल्ली किंग्स का पहले से तय था कि उसे क्वालीफायर 1 में खेलना है, क्योंकि 10 में से 9 मैच जीतकर टीम अंकतालिका में शीर्ष पर थी। बाकी 3 टीमों को इस बात के लिए लड़ाई लड़नी थी कि कौन सी टीम क्वालीफायर 1 में जाएगी और किसे एलिमिनेटर मैच खेलना है।
मंगलवार 25 अगस्त को लीग फेज का आखिरी मुकाबला ईस्ट दिल्ली राइडर्स और पुरानी दिल्ली 6 के बीच खेला गया। बारिश के कारण मैच 10-10 ओवर का हुआ, जिसमें ईस्ट दिल्ली की टीम ने बाजी मारी। इससे साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज को फायदा हो गया, क्योंकि उन्हें क्वालीफायर 1 का टिकट मिल गया, जबकि पुरानी दिल्ली को अब एलिमिनेटर मैच में भिड़ना है। एलिमिनेटर मैच में दूसरी टीम आउटर दिल्ली वॉरियर्स है, जो पहले से ही वहां पहुंच गई थी।
DPL के प्लेऑफ्स का ऐसा है शेड्यूल
ऐसे में अब दिल्ली प्रीमियर लीग के तीसरे सीजन के क्वालीफायर 1 में सेंट्रल दिल्ली किंग्स का सामना साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज से होगा, जबकि पुरानी दिल्ली 6 और आउटर दिल्ली वॉरियर्स के बीच एलिमिनेटर मैच खेला जाएगा। ये दोनों मुकाबले आज यानी बुधवार 26 अगस्त को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में ही खेले जाएंगे, जहां पर यह लीग खेली जाती है।
डीपीएल के प्लेऑफ्स के मैचों की टाइमिंग की बात करें तो इसमें कोई बदलाव देखने को नहीं मिला है। क्वालीफायर 1 सेंट्रल दिल्ली किंग्स और साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज के बीच दोपहर को डेढ़ बजे से आयोजित होगा, जबकि शाम को 7 बजे से एलिमिनेटर मैच में पुरानी दिल्ली 6 के सामने आउटर दिल्ली वॉरियर्स होगी। क्वालीफायर 1 जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी, जबकि हारने वाली टीम को शुक्रवार को दूसरे क्वालीफायर में एलिमिनेटर की विजेता टीम से भिड़ना होगा। वहीं, एलिमिनेटर हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी।
DPL 2026 के प्लेऑफ्स का शेड्यूल
26 अगस्त को दोपहर 1:30 बजे से सेंट्रल दिल्ली किंग्स वर्सेस साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज क्वालीफायर 1 मैच
26 अगस्त को शाम 7 बजे से पुरानी दिल्ली 6 वर्सेस आउटर दिल्ली वॉरियर्स एलिमिनेटर मैच
28 अगस्त को शाम 7 बजे से दूसरा क्वालीफायर मैच
30 अगस्त को शाम 7 बजे से फाइनल मैच



