
लालकिले की दुखद घटना से डिस्टर्ब हूं; दिल्ली ब्लास्ट पर शुभमन गिल ने जताया दुख
संक्षेप: टीम इंडिया के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल ने दिल्ली ब्लास्ट के पीड़ितों के प्रति दुख और संवेदना जाहिर की है। ऐतिहासिक लाल किला के पास सोमवार को एक कार में हुए शक्तिशाली विस्फोट में 12 लोगों की मौत हुई है और कई अन्य घायल हुए हैं।
टीम इंडिया के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल ने दिल्ली ब्लास्ट के पीड़ितों के प्रति दुख और संवेदना जाहिर की है। ऐतिहासिक लाल किला के पास सोमवार को एक कार में हुए शक्तिशाली विस्फोट में 12 लोगों की मौत हुई है और कई अन्य घायल हुए हैं। दिल्ली पुलिस और एनआईए समेत तमाम केंद्रीय एजेंसियां इस हमले की जांच में लगी हैं।

शुभमन गिल ने एक्स पर पोस्ट किया, 'लाल किले के पास परेशान करने वाली घटनाओं से डिस्टर्ब हूं। जो भी प्रभावित हुए हैं उनके प्रति मेरी संवेदना। शांति, सुरक्षा और सभी के लिए शक्ति की उम्मीद करता हूं।'
शुभमन गिल और भारतीय क्रिकेट टीम अभी कोलकाता में मौजूद है। टीम वहां दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2 टेस्ट मैच की सीरीज की तैयारी में जुटी है। दोनों देशों के बीच पहला टेस्ट मैच शुक्रवार से कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा।
सोमवार शाम को 6 बजकर 52 मिनट पर लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर एक के पास एक आई20 कार में बहुत ही शक्तिशाली विस्फोट हुआ। विस्फोट के बाद आस-पास की कई गाड़ियों में आग लग गई। दिल्ली पुलिस और एजेंसियों ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगालकर कार के रूट के बारे में जानकारी जुटाई है। कार को पेशे से डॉक्टर रहा मोहम्मद उमर चला रहा था जो जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले का था।
उमर फरीदाबाद के उस वॉइट कॉलर टेरर मॉड्यूल का हिस्सा था, जिसका पर्दाफाश हाल ही में हुआ है। इस टेरर मॉड्यूल के खुलासे के बाद हरियाणा पुलिस ने 2900 किलोग्राम विस्फोटक और कई हथियार बरामद किए हैं। फरीदाबाद टेरर मॉड्यूल के सिलसिले में हरियाणा और जम्मू-कश्मीर पुलिस आतंकी डॉक्टर मुहम्मद उमर की अभी तलाश में ही जुटी थी कि सोमवार शाम को लाल किले के नजदीक कार में हुए भीषण विस्फोट में उसके चिथड़े उड़ गए।
पुलवामा में उसके परिजनों को हिरासत में लिया जा चुका है और जानकारी के मुताबिक उनका डीएनए सैंपल लिया गया है। उससे ये स्थापित हो पाएगा कि लाल किले के बाहर जिस कार में विस्फोट हुआ, उसे मुहम्मद उमर ही चला रहा था या उसमें सवार था या नहीं।






