
विराट कोहली को लेकर दिनेश कार्तिक का बड़ा दावा, वह वर्ल्ड कप 2027 खेलना चाहते हैं और इसके लिए…
पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने विराट कोहली को लेकर बड़ा दावा किया है और कहा है कि वह वर्ल्ड कप 2027 खेलने के लिए इच्छुक हैं और वह इसके लिए कड़ी मेहनत इंग्लैंड में रहकर कर रहे हैं।
टीम इंडिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली को लेकर एक बड़ा दावा किया है। दिनेश कार्तिक का कहना है कि विराट कोहली आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 खेलने के लिए बहुत उत्सुक हैं और इसके लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। दिनेश कार्तिक ने दावा किया है कि वह लंदन में रहकर भी विश्व कप खेलने की तैयारी नहीं छोड़ रहे हैं। हफ्ते में 2 से 3 बार वे नेट्स में नजर आते हैं। विराट कोहली अभी के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरे पर हैं, जहां उनको तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज खेलनी है।

दिनेश कार्तिक ने अपने इंस्टाग्राम पर बड़ा दावा करते हुए कहा, "वह विश्व कप खेलने के लिए बहुत उत्सुक हैं, वह लंदन में ट्रेनिंग ले रहे थे - वह एक सप्ताह में 2 से 3 सत्र अभ्यास कर रहे थे - इससे पता चलता है कि वह विश्व कप खेलने के लिए गंभीर हैं।" विराट कोहली आईपीएल के बाद से ही लंदन में हैं और उनका फिटनेस टेस्ट भी लंदन में हुआ है। टी20 और टेस्ट क्रिकेट से वे रिटायरमेंट ले चुके हैं। ऐसे में कहा जा रहा था कि उनको दो साल बाद होने वाले विश्व कप के लिए कंसीडर शायद ही किया जाए, लेकिन विराट कोहली वर्ल्ड कप के लिए जी तोड़ मेहनत कर रहे हैं।
भले ही वर्ल्ड कप 2027 के आसपास विराट कोहली की उम्र 39 के करीब होगी, लेकिन जिस तरह की फिटनेस उन्होंने बीते एक दशक में दिखाई है और वह ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाने से पहले जितने फिट दिखे हैं, उससे लगता है कि फिटनेस के तौर पर उनका कोई मुकाबला नहीं है। फॉर्म भी वनडे क्रिकेट में विराट कोहली के लिए कभी चिंता का विषय नहीं रही। अब सवाल ये है कि क्या टीम मैनेजमेंट उनको वर्ल्ड कप टीम में चाहता है, क्योंकि गौतम गंभीर ने तो अभी भी साफ कहा है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा को वर्तमान में रहने की जरूरत है। वर्ल्ड कप अभी दूर है।






