
सुनील गावस्कर ने किया गौतम गंभीर का फुल सपोर्ट, बोले- क्या आपने उन्हें चैंपियंस ट्रॉफी का...
सुनील गावस्कर ने टीम इंडिया के साउथ अफ्रीका से 2-0 से टेस्ट सीरीज हारने के बाद मौजूदा हेड कोच गौतम गंभीर का सपोर्ट किया है और कहा है कि इसकी जिम्मेदारी खिलाड़ियों की है। गंभीर को जीत का क्रेडिट नहीं मिला था।
टीम इंडिया को पिछले दो महीनों में दूसरी बार टेस्ट सीरीज में घर पर क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा। इसके लिए हेड कोच गौतम गंभीर को जमकर निशाना बनाया जा रहा है, क्योंकि भारतीय क्रिकेट के इतिहास में तीन बार भारतीय टीम को क्लीन स्वीप घर पर मिली है और इनमें से दो बार हेड कोच गौतम गंभीर थे। हालांकि, पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर का कुछ और ही कहना है। उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली शर्मनाक हार का जिम्मेदार कोच नहीं, बल्कि खिलाड़ियों को बताया है। सुनील गावस्कर का कहना है कि आप जब हारते हैं, तभी कोच को दोष देते हैं, लेकिन जीत के लिए उतना क्रेडिट नहीं देते हैं।
इंडिया टुडे से बात करते हुए सुनील गावस्कर ने गंभीर का बचाव करते हुए कहा कि भारतीय कोच की बुराई करने वाले उन्हें जल्दी बुरा-भला कहते हैं, लेकिन जब उन्हें क्रेडिट देना होता है तो वे ऐसा नहीं करते। गावस्कर ने कहा, “वह एक कोच हैं। कोच एक टीम तैयार कर सकता है, लेकिन खिलाड़ियों को मैदान पर अच्छा प्रदर्शन करना होता है। अब, जो लोग उनसे जवाबदेह होने की मांग कर रहे हैं, उनसे मेरा जवाबी सवाल है: जब भारत ने उनके अंडर चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी, तो आपने क्या किया था? जब भारत ने उनके अंडर एशिया कप जीता था, तो आपने क्या किया था? क्या उन्हें क्रेडिट दिया था?”
उन्होंने आगे पूछा, "क्या आपने तब ऐसा कहा था? जो आप अब उनको निकालने की मांग कर रहे हैं—क्या आपने तब कहा था कि उन्हें एक लंबा कॉन्ट्रैक्ट दिया जाना चाहिए, वनडे क्रिकेट और T20 क्रिकेट के लिए जिंदगी भर का कॉन्ट्रैक्ट। आपने ऐसा नहीं कहा था। जब कोई टीम अच्छा नहीं करती, तभी आप कोच को देखते हैं।" ऐसा ही कुछ आर अश्विन ने भी गौतम गंभीर को लेकर कहा था। गावस्कर जानते हैं कि तीनों फॉर्मेट में कोचिंग करना काफी चुनौती भरा है। जरूरी नहीं है कि आप हर फॉर्मेट में सफल रहे। उन्होंने इंग्लैंड के कोच ब्रैंडन मैकुलम का भी उदाहरण दिया, जो पहले टेस्ट कोच थे, लेकिन अब ऑल फॉर्मेट कोच हैं और टीम अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रही है।






