प्रिंस यादव की बल्लेबाजी ने भारत को जिताया मैच? आखिरी ओवर के वे तीन चौके रहे बेहद अहम
भारत और वेस्टइंडीज के बीच इंदौर में खेले गए तीसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में प्रिंस यादव ने अपनी गेंदबाजी के साथ- साथ बल्लेबाजी से भी भारत की जीत में अहम योगदान दिया। उनके द्वारा आखिरी ओवर में लगाए गए तीन चौके भारत की जीत के लिए बेहद अहम रहे।

भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी हाई- स्कोरिंग रहा। इंदौर के प्रसिद्ध होलकर स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 223 रन बनाए। दिए गए 224 रनों के लक्ष्य का पीछा करते- करते वेस्टइंडीज की टीम भी 209 रनों तक पहुंच गई। वेस्टइंडीज की हार और भारत की जीत के बीच सिर्फ 14 रनों का अंतर रहा। आखिरी ओवरों में भारतीय टीम की बल्लेबाजी पूरी तरह से लड़खड़ाती हुई नजर आई थी। एक समय लग रहा था टीम इंडिया इस छोटे बाउंड्री वाले मैदान में 250 के स्कोर को आसानी से पार कर लेगी, लेकिन आखिरी पांच ओवरों में एक के बाद एक बल्लेबाज आउट होते रहे और स्कोर 223 तक भी बड़ी मुश्किल से पहुंच पाया। इस स्कोर तक भारतीय टीम को पहुंचाने के लिए प्रिंस यादव ने बड़ी मेहनत की और उनके ही बनाए रन अति महत्वपूर्ण साबित हुए।
पहली पारी में जब भारत की बल्लेबाजी चल रही थी तो 19 ओवर में टीम इंडिया का स्कोर 210 रन था और 9 विकेट पवेलियन लौट चुके थे। बहुत कम दर्शकों और खुद भारतीय टीम के खिलाड़ियों ने उम्मीद लगाई होगी कि टीम के स्कोर में और अधिक इजाफा हो सकता है। हालांकि, प्रिंस यादव ने अपनी बल्लेबाजी और तीन शानदार चौकों की मदद से यह कर दिखाया। प्रिंस यादव ने एक शॉट तो ऐसा खेला कि वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन और कुलदीप यादव समेत ड्रेसिंग रूप के सारे खिलाड़ी काफी खुश नजर आए और उनकी बल्लेबाजी की सभी ने खूब सराहना की और आनंद लिया। प्रिंस यादव ने आखिरी ओवर में 3 चौके लगाए और 1 रन बाइज के भागकर लिए। उन्होंने मयंक यादव के साथ मिलकर भारत के स्कोर को 210 से बढ़ाकर 223 तक पहुंचा दिया। आखिरी ओवर में प्रिंस यादव द्वारा बनाए और भागे गए ये 13 रन कितने अहम साबित हुए भारत की जीत और वेस्टइंडीज की हार के बीच रनों के अंतर से साफ पता चलता है। अगर प्रिंस ने ये 13 रन नहीं बनाए होते तो टीम का स्कोर 210 ही रह जाता और तब बहुत संभव था कि भारत मुकाबला हार भी सकता था। वेस्टइंडीज की टीम 209 रनों के स्कोर तक 223 चेज करने के लिए पहुंच गई और यही टारगेट अगर 211 का होता तो टीम और रिलैक्स होकर आंकड़े को छू सकती थी। कहना गलत नहीं होगा कि प्रिंस यादव द्वारा आखिरी ओवर में बनाए गए ये रन और तीन चौके काफी अहम साबित हुए।
गेंदबाजी में भी शानदार रहे
प्रिंस यादव ने आज अपनी बल्लेबाजी से तो दमदार प्रदर्शन किया ही गेंद के साथ भी काफी किफायती रहे। उन्होंने इस हाई-स्कोरिंग मैच में चार ओवर में सिर्फ 37 रन दिए और डेथ ओवर में भी शानदार गेंदबाजी की। हालांकि, उन्हें विकेट नहीं मिला लेकिन रन ना खर्च करके उन्होंने टीम की जीत में अहम योगदान दिया। भारत के लिए मयंक यादव ने चार ओवर की गेंदबाजी करते हुए 34 रन दिए। उन्हें भी कोई विकेट नहीं मिला, लेकिन किफायती रहे। अर्शदीप सिंह ने चार ओवर में 44 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। नमन धीर ने तीन ओवर में 39 रन खर्चे लेकिन दो विकेट भी उनके हाथ लगे। अक्षर पटेल ने 3 ओवर में 33 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। नीतीश कुमार रेड्डी ने दो ओवर में 19 रन दिए और एक विकेट लिया।


