
मुस्तफिजुर रहमान को BCCI ने दिया IPL 2026 में वापसी का ऑफर? बांग्लादेश ने तोड़ी चुप्पी
रिपोर्ट में कहा गया था कि बीसीसीआई ने मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल में वापसी करने का ऑफर दिया है। अब इस रिपोर्ट पर बीसीबी प्रेसिडेंट अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने प्रतिक्रिया दी है।
भारत-बांग्लादेश के बीच चल रहे तनाव की आग क्रिकेट तक तब पहुंची जब बीसीसीआई ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 में खेलने की मंजूरी नहीं दी। कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2026 के ऑक्शन में इस बांग्लादेशी खिलाड़ी को 9.2 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल किया था, हालांकि देश में बढ़ते आक्रोश को देखते हुए बीसीसीआई ने केकेआर को मुस्तफिजुर को रिलीज करने को कहा। बीसीसीआई का यह फैसला बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को पसंद नहीं आया, जिसके बाद उन्होंने सुरक्षा का कारण बताते हुए भारत में आगामी टी20 वर्ल्ड कप खेलने से इनकार कर दिया। इसको लेकर उन्होंने आईसीसी को लेटर भी लिखा है। इन सभी घटनाओं के बीच एक रिपोर्ट सामने आई जिसने हर किसी को हिला कर रख दिया। रिपोर्ट में कहा गया था कि बीसीसीआई ने मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल में वापसी करने का ऑफर दिया है। अब इस रिपोर्ट पर बीसीबी प्रेसिडेंट अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने प्रतिक्रिया दी है।
अजकेर अखबार के मुताबिक, अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने कहा, "मुस्तफिज के (IPL में वापसी) के बारे में मेरी BCCI से कोई लिखित या मौखिक बातचीत नहीं हुई है। मैंने इस बारे में अपने बोर्ड में किसी से बात नहीं की है। इस खबर में कोई सच्चाई नहीं है।"
बीसीबी प्रेसिडेंट के इस बयान से साफ होता है कि बीसीसीआई ने मुस्तफिजुर रहमान को कोई ऑफर नहीं दिया है और वह अपने फैसले पर टिके हुए हैं।
बात वर्ल्ड कप की करें तो, रिपोर्ट्स के अनुसार आईसीसी ने बांग्लादेश की वेन्यू बदलने की मांग को ठुकरा दिया है। उन्होंने बांग्लादेश को आदेश दिया है कि या तो भारत में खेलो या अपने पॉइंट्सट फोरफिटेड करो।
हालांकि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड अभी भी भारत में ना खेलने की जिद पर अड़ा हुआ है और बीसीबी ने आईसीसी को दूसरा लेटर लिखा है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका की मेजबानी में होना है। बांग्लादेश को हालांकि ग्रुप स्टेज के सभी मुकाबले भारत में खेलने हैं। उनके तीन मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर हैं, वहीं एक मैच उन्हें मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेलना है।






