चमकने से पहले ही टूट गया भारतीय क्रिकेट का 'ध्रुव'तारा, 13 की उम्र में डेब्यू और फिर…
भारतीय क्रिकेट को एक सुपरस्टार मिलने ही वाला था कि एक एक्सीडेंट में उसकी जान चली गई। महज 13 साल की उम्र में फर्स्ट क्लास डेब्यू करने वाले ध्रुव ने 17 की उम्र में 1000 रन फर्स्ट क्लास क्रिकेट में बना लिए थे।

13 साल की उम्र में डेब्यू, 14 साल की उम्र में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में शतक, 17 साल की उम्र तक रणजी ट्रॉफी में 1000 रन...आप सोच रहे होंगे कि शायद हम वैभव सूर्यवंशी की बात कर रहे हैं, लेकिन असल में ये कहानी किसी अन्य भारतीय क्रिकेटर की है, जो वर्ल्ड क्रिकेट में कदम पर रखने से पहले ही महज 18 की उम्र में इस दुनिया से चला गया। आज जिस तरह का रौला भारतीय टीम के युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी का है, लगभग वैसा ही रौला 1990 के आसपास पंजाब के क्रिकेटर ध्रुव महेंद्र पांडोव का था। अगर वे आज होते तो शायद उनका नाम भी सचिन तेंदुलकर जैसे महान खिलाड़ियों के नाम के साथ लिया जाता।
दरअसल, अब से करीब 35 साल पहले एक ऐसी घटना हुई, जिसने उस समय के क्रिकेट फैंस को झकझोर दिया था। आज वैभव सूर्यवंशी को विलक्षण प्रतिभा का धनी कहा जाता है, लेकिन उनके जैसी प्रतिभावान खिलाड़ी भारत के पास मौजूद था। महज 13 साल की उम्र में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में ध्रुव पांडोव ने डेब्यू कर लिया था, जबकि सचिन ने 14 की उम्र में डेब्यू किया था। सचिन ने 15 साल की उम्र में पहला फर्स्ट क्लास शतक जड़ा था, लेकिन ध्रुव ने 14 की उम्र में ही वो कारनामा कर दिखाया था। 17 साल की उम्र में तो वे रेड बॉल क्रिकेट में 1000 रन बना चुके थे।
हालांकि, 31 जनवरी 1992 को अंबाला में वह हुआ, जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की होगी। ध्रुव पांडोव का उस दिन निधन हो गया। कहानी कुछ यू है कि ध्रुव ओडिशा में देवधर ट्रॉफी खेलकर अंबाला पहुंचे थे। वहां से उन्हें करीब 50 किलोमीटर दूर पटियाला में अपने माता-पिता से मिलने जाना था, क्योंकि अगले ही दिन एक टूरिंग टीम के खिलाफ उन्हें मैच खेलना था। जनवरी का महीना था तो जाहिर है कि ठंड थी और भारी कोहरा था। उस समय रोड्स पर जिरोविजबिलिटी हुआ करती है। उस दिन भी ऐसा ही था।
नहीं मानी चेतन शर्मा की सलाह
चेतन शर्मा, जो उस समय एक एक्टिव क्रिकेटर थे, उन्होंने ध्रुव से इंतजार करने और शहर तब छोड़ने को कहा जब ट्रैवल करना सेफ हो, लेकिन ध्रुव का गर्म खून को अगले कुछ दिनों में एक टूरिंग टीम के साथ खेलने की वजह से वह अपने माता-पिता के साथ ज्यादा से ज्यादा समय बिताने की कोशिश में थे। उसने चेतन की सलाह पर ध्यान नहीं दिया और पटियाला के लिए टैक्सी ले ली, जो कभी उनको उनकी मंजिल तक नहीं पहुंचा सकी। एक जोरदार टक्कर हुई, जिसमें ध्रुव को गंभीर चोट आई। उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोटों की वजह से उनकी मौत हो गई। वह उस समय सिर्फ 18 साल के थे और इंडिया की टेस्ट टीम का दरवाजा खटखटा रहे थे। उस समय सचिन तेंदुलकर भी उतना बड़ा नाम नहीं थे।
ध्रुव की अचानक मौत ने पांडोव परिवार पर गहरा सदमा छोड़ा। यही वजह रही कि सबसे छोटे बेटे कुणाल को क्रिकेट को प्रोफेशन के तौर पर अपनाने की इजाजत ही नहीं मिल पाई थी। मां ने उसकी किट जला दी थी, ताकि वह कभी क्रिकेट न खेल सके। यह घटना लगभग 34 साल पहले हुई थी और आज बहुत कम लोग इसके बारे में जानते हैं, लेकिन जो लोग भी इस घटना को याद करते हैं, वे आज भी बहुत दुखी हो जाते हैं। भारत ने एक ऐसा क्रिकेटर खो दिया था, जिसमें एक टॉप स्टार बनने के सारे गुण थे। ध्रुव के साथ जो भी खेला, उसने उनकी काबिलियत की तारीफ जरूर की। इनमें अनिल कुंबले, विक्रम राठौर और अजय जडेजा जैसे नाम शामिल हैं।



