टीम इंडिया को वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में ये टेंशन, क्या एक और खिलाड़ी करेगा डेब्यू?

गुवाहाटी, भाषा
Follow us on Google News
share

भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा वनडे गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। विराट कोहली शानदार फॉर्म हैं लेकिन टीम इंडिया को गुवाहाटी में तेज गेंदबाजी के कॉम्बिनेशन को लेकर टेंशन होगी।

IND vs WI 2nd ODI Preview
भारतीय क्रिकेट टीम

बल्लेबाजी निस्संदेह भारत की सबसे बड़ी ताकत है, लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ बुधवार को गुवाहाटी में होने वाले दूसरे वनडे मैच में शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम के लिए तेज गेंदबाजी का अस्थिर संयोजन चिंता का विषय होगा। विराट कोहली पर फिर से नजर होगी जिन्होंने तिरुवंतपुरम में तीन मैच की सीरीज के पहले मैच में रिकॉर्ड तोड़ शतक बनाया था। कप्तान गिल ने भी इस मैच में शतक जड़ा था जिससे भारत ने 296 रन का लक्ष्य 42 ओवर से भी कम में हासिल कर लिया था। बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव ने भी चार विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया था लेकिन जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या की अनुपस्थिति में तेज गेंदबाजी विभाग कमजोर नजर आया। अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए नीतीश कुमार रेड्डी को नई गेंद सौंपी गई थी जबकि मोहम्मद सिराज को विश्राम दिया गया था।

भारतीय टीम की ये रणनीति नहीं चली

रेड्डी से गेंदबाजी की शुरुआत करने से कई सवाल खड़े हो गए क्योंकि टीम की यह रणनीति नहीं चल पाई। बाएं पैर की जांघ की मांसपेशी में चोट से उबरकर लौटे रेड्डी लय हासिल करने के लिए संघर्ष करते दिखे, जिस कारण उन्होंने सात गेंदों के एक ओवर में 18 रन लुटा दिए। हार्दिक को अभी तक फिटनेस मंजूरी नहीं मिली है और बुमराह एशियाई खेलों के लिए जापान में हैं। इस सीरीज को हालांकि अगले वनडे विश्व कप से पहले भारत के विकल्पों का आकलन करने के अवसर के रूप में देखा जा रहा था। रेड्डी को दीर्घकालिक ऑलराउंड विकल्प माना जा रहा है और उन्हें गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल का पूरा समर्थन प्राप्त था। वह छठे गेंदबाजी विकल्प भी हो सकते थे, लेकिन उन्होंने लगातार निराश किया है।

क्या आकिब को मिलेगा डेब्यू का मौका?

अब सवाल यह है कि क्या भारत नई गेंद से रेड्डी को आजमाना जारी रखेगा या दूसरे वनडे के लिए अधिक भरोसेमंद सिराज को वापस मौका देगा। ऐसे में जम्मू कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को डेब्यू का मौका देना बुरा नहीं होगा। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैचों के लिए भारतीय टीम में शामिल होने के बावजूद नबी को अभी भी अपने पदार्पण का इंतजार है। टीम ऑलराउंडरों की तलाश में है और इसलिए पहले मैच में बल्लेबाजी ऑलराउंडर नमन धीर को डेब्यू का मौका दिया गया। धीर ने पांच ओवर में 33 रन दिए, लेकिन उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला। अगर सिराज की वापसी होती है तो ऑलराउंडर विकल्पों में से किसी एक को बाहर बैठना पड़ सकता है। अगर नबी को मौका मिलता है तो भारत को एक अतिरिक्त विशेषज्ञ गेंदबाज को उतारने और बाकी खिलाड़ियों के बीच संतुलन बनाना होगा। बल्लेबाजी में भारत के शीर्ष क्रम ने पहले वनडे में काफी अच्छा प्रदर्शन किया।

कोहली पिछली बार बरसापारा में कब खेले?

कोहली पूरी तरह से नियंत्रण में दिखे और उन्होंने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि आखिर उन्हें लक्ष्य का पीछा करने के मामले में सर्वश्रेष्ठ क्यों आंका जाता है। उन्होंने 74 गेंदों में शतक बनाकर कई उपलब्धियां हासिल की जिनमें सचिन तेंदुलकर के बाद वनडे में 15000 रन बनाने वाला दूसरा भारतीय बनना शामिल है। वह बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में वापसी कर रहे हैं, जहां उन्होंने जनवरी 2023 में श्रीलंका के खिलाफ अपना 45वां वनडे शतक बनाया था। कोहली की शानदार फॉर्म ने इस सीरीज को लेकर उत्साह और बढ़ा दिया है। वेस्टइंडीज को अगर सीरीज में बने रहना है तो उसे दूसरे मैच में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। पहले मैच में उसकी फील्डिंग अच्छी नहीं रही थी। गिल को शुरू में ही जीवनदान मिला था जिसका फायदा उठाकर उन्होंने शतक जड़ा था। कोच डैरेन सैमी को उम्मीद होगी कि उनकी टीम भारत के खिलाफ सीरीज में जीत लंबे इंतजार को खत्म कर सकेगी। वेस्टइंडीज ने आखिरी बार 2002 में भारत के खिलाफ वनडे सीरीज जीती थी। मैच दोपहर दो बजे शुरू होगा।

भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उपकप्तान), ध्रुव जुरेल, नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, आकिब नबी, यशस्वी जायसवाल, नमन धीर।

वेस्टइंडीज: शाई होप (कप्तान), ज्वेल एंड्रयू, जॉन कैंपबेल, कीसी कार्टि, रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्डे, जस्टिन ग्रीव्स, आमिर जांगू, अल्जारी जोसेफ, शमर जोसेफ, विटेल लॉज, गुडाकेश मोती, कीमो पॉल, शेरफेन रदरफोर्ड, जेडन सील्स।

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram

मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार

परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।


अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।


विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय

और पढ़ें
Cricket News , Cricket Schedule , Live Cricket Score से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। क्रिकेट की सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप डाउनलोड करें।
Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़भारत को वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में ये टेंशन, क्या एक और डेब्यू होगा?