
कागज पर दिल्ली कैपिटल्स RCB से ज्यादा मजबूत; WPL फाइनल पर और क्या बोले सबा करीम?
महिला प्रीमियर लीग के फाइनल में गुरुवार शाम को दिल्ली कैपिटल्स और आरसीबी की भिड़ंत होने वाली है। इस बीच पूर्व क्रिकेटर सबा करीम ने बताया है कि फाइनल में दोनों टीमों में से किसका पलड़ा भारी रहेगा। करीम ने कहा कि कागज पर दिल्ली कैपिटल्स प्रतिद्वंद्वी आरसीबी से मजबूत दिख रही है।
महिला प्रीमियर लीग के फाइनल मुकाबले का मंच सज चुका है। आरसीबी जहां दूसरी बार ट्रॉफी पर कब्जा करने की कोशिश करेगी, वहीं हर बार फाइनल में पहुंचकर खाली हाथ रहने वाली दिल्ली कैपिटल्स इस बार 'सातवां दरवाजा' तोड़ने के लिए पूरी ताकत झोंकेगी। इस बीच टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर सबा करीम ने बताया है कि फाइनल में दोनों टीमों में से किसका पलड़ा भारी रहेगा। करीम ने कहा कि कागज पर दिल्ली कैपिटल्स प्रतिद्वंद्वी आरसीबी से मजबूत दिख रही है।
डब्लूपीएल के चौथे सीजन का फाइनल गुरुवार को वडोदरा इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाना है। दिल्ली कैपिटल्स इससे पहले की तीनों सीजन में भी फाइनल में पहुंची थी लेकिन हर बार उसे खिताब से वंचित रहना पड़ा। अबकी बार दिल्ली की कप्तानी जेमिमा रोड्रिग्स के हाथों में है जो करिश्माई खिलाड़ी मानी जाती हैं।
जियोहॉटस्टार पर सबा करीम ने कहा कि डब्लूपीएल में दिल्ली कैपिटल्स सबसे ज्यादा निरंतर टीम रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली कैपिटल्स कागजों में आरसीबी के मुकाबले मजबूत है और इस सीजन में वे फाइनल को लेकर चले आ रहे संयोग को तोड़ सकते हैं। सबा करीम ने दिल्ली के सकारात्मक माहौल की तारीफ की। उन्होंने कहा कि दिल्ली ने फाइनल से पहले सभी बॉक्स को टिक किया है और ये सीजन उनका ही होना चाहिए।
सबा करीम ने कहा, ‘उम्मीद करते हैं कि ये सीजन दिल्ली का हो। टाटा डब्लूपीएल का ये चौथा सीजन है और दिल्ली कैपिटल्स सबसे कंसिस्टेंट टीम रही है। बस फाइनल की वो आखिरी बाधा नहीं पा कर पा रहे। शायद दबाव वजह हो या तैयारी की कीमी या फिर उस खास दिन अपनी योजनाओं को क्रियान्वित करने में चूक हो रही है। लेकिन ये सुनहरा अवसर है।’
पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज ने कहा, 'वे एक नई कप्तान के तहत खेल रही हैं। टीम का माहौल काफी अच्छा है और मैं समझता था कि दिल्ली क्वालीफाई करने वाली पहली टीम होती लेकिन उन्होंने इस साल एक अलग ही रास्ता अख्तियार किया। जिस तरह से उन्होंने एलिमिनेटर में परफॉर्म किया, मुझे लगता है कि उन्होंने हर तरह के बेस को कवर कर लिया है।'
सबा करीम ने कहा, 'ऑन पेपर, दिल्ली कैपिटल्स आरसीबी के मुकाबले मजबूत टीम लग रही है। उनके पास बहुत सारे विकल्प हैं। फाइनल में कुछ भी हो सकता है। दोनों ही टीमें बहुत मजबूत हैं। देखते हैं दो बेस्ट फ्रेंड्स की लड़ाई में कौन जीतता है।' दरअसल दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स और आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना बहुत ही अजीज दोस्त हैं।
दोनों टीमों के स्क्वाड:
दिल्ली कैपिटल्स: लिजेल ली (विकेटकीपर), शेफाली वर्मा, लॉरा वोल्वार्ड्ट, जेमिमा रोड्रिग्स (कप्तान), मारिजेन काप, चिनली हेनरी, निकी प्रसाद, स्नेह राणा, मिनु मणि, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, एलाना किंग, तानिया भाटिया, लुसी हैमिल्टन, प्रगति सिंह, एडला स्रुजना
आरसीबी: ग्रेस हैरिस, स्मृति मंधाना (कप्तान), जॉर्जिया वोल, रिचा घोष (विकेटकीपर), राधा यादव, नैडिन डि क्लर्क, पूजा वस्त्राकर, अरुंधति रेड्डी, सयाली सतघारे, श्रेयांका पाटिल, लॉरेन बेल, लिन्से स्मिथ, डायलन हेमलता, प्रत्यूषा कुमार, गौतमी नाइक, प्रेमा रावत।






