Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़Delhi and Uttar Pradesh enter Vijay Hazare Trophy Quarter Final Berth Bengal in race despite defeat Against Hyderabad
विजय हजारे ट्रॉफी: दिल्ली और उत्तर प्रदेश की क्वार्टर फाइनल में एंट्री, हार के बावजूद बंगाल रेस में बरकरार

विजय हजारे ट्रॉफी: दिल्ली और उत्तर प्रदेश की क्वार्टर फाइनल में एंट्री, हार के बावजूद बंगाल रेस में बरकरार

संक्षेप:

दिल्ली और उत्तर प्रदेश ने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के क्वार्टर फाइनल में एंट्री कर ली है। वहीं, हैदराबाद के हाथों हार के बावजूद बंगाल क्वार्टर फाइनल की रेस में बरकरार है।

Jan 06, 2026 09:13 pm ISTMd.Akram अलूर/राजकोट, भाषा
share Share
Follow Us on

ऋषभ पंत की कप्तानी में दिल्ली ने मंगलवार को रेलवे को एलीट ग्रुप डी के मैच में छह विकेट से हराकर एक दौर का मुकाबला बाकी रहते विजय हजारे ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। दिल्ली के गेंदबाजों ने जीत की नींव रखी और टीम को छह मैचों में पांचवीं जीत दिलाई। शीर्ष पर काबिज दिल्ली ने पांच साल में पहली बार नॉकआउट में जगह बनाई। रेलवे ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया लेकिन आयुष बडोनी और नवदीप सैनी ने तीन तीन विकेट लेकर उसे 40 . 4 ओवर में 179 रन पर आउट कर दिया। ईशांत शर्मा ने चार ओवर में पांच रन देकर एक विकेट लिया। सैनी ने 5. 4 ओवर में 30 रन देकर और आफ स्पिनर बडोनी ने 10 ओवर में 30 रन देकर तीन तीन विकेट लिये। रेलवे के छह विकेट 23.2 ओवर में 99 रन पर गिर गए थे। कुश मराठे की अकेले टिक सके जिन्होंने 66 गेंद में 51 रन बनाये।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

प्रियांश आर्य ने खेली तूफानी पारी

दिल्ली ने 21.4 ओवर में चार विकेट खोकर ही लक्ष्य हासिल कर लिया। सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य ने 41 गेंद में 12 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 80 रन बनाये। उन्होंने सार्थक राजन (33) के साथ पहले विकेट के लिये 109 रन जोड़े। पंत ने नौ गेंद में तीन छक्कों और एक चौके के साथ 24 रन बनाये। नीतिश राणा 28 गेंद में 38 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं एक अन्य मैच में अक्षर पटेल के शानदार प्रदर्शन से गुजरात ने ओडिशा को 233 रन से हराया। अक्षर ने 60 गेंद में 73 रन बनाये और पांच ओवर में सिर्फ 14 रन दिये। गुजरात ने छह विकेट पर 333 रन बनाये लेकिन ओडिशा की टीम 28.1 ओवर में 100 रन पर आउट हो गई। अन्य मैचों में सौराष्ट्र ने सेना को 111 रन से हराया जबकि हरियाणा और आंध्र का मैच बराबरी पर छूटा।

क्वार्टर फाइनल में पहुंचा उत्तर प्रदेश

अभिषेक गोस्वामी के शानदार शतक की बदौलत उत्तर प्रदेश ने ग्रुप बी के अहम मुकाबले में विदर्भ को 54 रन से हराकर विजय हजारे ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। उत्तर प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 339 रन बनाए, जिसमें गोस्वामी ने 103 रन की शानदार पारी खेली। उन्हें प्रियंक गर्ग (67), ध्रुव जुरेल (56) और रिंकू सिंह (57) के तेज अर्धशतकों का अच्छा मिला। लक्ष्य का पीछा करते हुए अमन मोखाड़े ने संघर्षपूर्ण 147 रन बनाए लेकिन विदर्भ की टीम 50 ओवर में नौ विकेट पर 285 रन ही बना सकी। उत्तर प्रदेश की ओर से कुलदीप यादव ने 52 रन देकर तीन विकेट झटके। इस जीत के साथ उत्तर प्रदेश ने अपना अजेय रिकॉर्ड बरकरार रखते हुए 20 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया।

हार के बावजूद बंगाल रेस में बरकरार

वहीं विदर्भ, बंगाल और बड़ौदा के 16-16 अंक हैं और एक-एक मैच शेष है। तीनों टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की दौड़ में हैं। अमेरिका में जन्मे अमन राव की ताबड़तोड़ नाबाद दोहरे शतक से खिताबी दौड़ से बाहर हो चुकी हैदराबाद ने बंगाल को 107 रन से करारी शिकस्त दी। इस हार से उसकी क्वार्टर फाइनल की उम्मीदों को झटका लगा। आईपीएल नीलामी में राजस्थान रॉयल्स की टीम से जुड़े 21 साल के राव ने अपनी सिर्फ तीसरी लिस्ट-ए मैच 109 गेंदों पर नाबाद 200 रन बनाए। उनकी इस विस्फोटक पारी में 12 चौके और 13 छक्के शामिल थे। राव की इस पारी की बदौलत हैदराबाद ने पांच विकेट पर 352 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह इस टूर्नामेंट का दूसरा दोहरा शतक था। इससे पहले दिसंबर में ओडिशा के स्वस्तिक सामल ने सौराष्ट्र के खिलाफ 212 रन बनाए थे।

राव ने शमी समेत तीन पेसर को कूटा

पहले बल्लेबाजी करते हुए राव ने बंगाल के गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ा दीं। उन्होंने मोहम्मद शमी (70 रन पर तीन विकेट), आकाश दीप (बिना किसी सफलता के 78 रन) और मुकेश कुमार (बिना किसी सफलता के 55 रन) जैसे भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ 120 रन बटोर कर अपने कौशल का परिचय दिया। राव ने राहुल सिंह (65) के साथ पहले विकेट के लिए 104 रन की साझेदारी करने के बाद कप्तान तिलक वर्मा (34) के साथ 87 रन जोड़े। उन्होंने अपनी दोहरी शतकीय पारी का जश्न पारी की आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर मनाया। लक्ष्य का बचाव करते हुए भारतीय गेंदबाज मोहम्मद सिराज (58 रन पर चार विकेट) की शानदार गेंदबाजी के सामने बंगाल की टीम 44.4 ओवर में 245 रन पर सिमट गई। बंगाल के लिए शाहबाज अहमद ने अकेले संघर्ष करते हुए 113 गेंदों पर नाबाद 108 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई खास सहयोग नहीं मिला। इस हार के बाद बंगाल ने छह मैचों में चार जीत के साथ नेट रन रेट के आधार पर विदर्भ के पीछे तीसरा स्थान है।

विष्णु और प्रियांशु ने ठोका शतक

विष्णु सोलंकी (132) और प्रियांशु मोलिया (114) के शानदार शतकों की बदौलत बड़ौदा ने जम्मू-कश्मीर को 76 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी का फैसला करते हुए बड़ौदा ने सोलंकी और मोलिया के शतकों की मदद से 50 ओवर में 332 (ऑल आउट) बनाये। इसके जवाब में जम्मू-कश्मीर की टीम 45.3 ओवर में 256 रन पर सिमट गई। जम्मू कश्मीर के लिए दीक्षांत कुंडल (66) और कवलप्रीत सिंह (65) ने संघर्षपूर्ण अर्धशतक जमाए। इस जीत के साथ बड़ौदा के 16 अंक हो गए, और वह बंगाल और विदर्भ के साथ अंकों में बराबरी पर आ गया। ग्रुप के एक अन्य मैच में मनन वोहरा (102) और अर्जुन आजाद (140) के शानदार शतकों की बदौलत चंडीगढ़ ने असम को सात विकेट से हराया। शिवशंकर रॉय ने नाबाद 106 रन की पारी खेलकर असम को सात विकेट पर 284 रन तक पहुंचाया, लेकिन चंडीगढ़ ने कप्तान वोहरा और आजाद की सलामी जोड़ी की 244 रन की साझेदारी की मदद से लक्ष्य को 47.2 ओवर में हासिल कर लिया।

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram
मोहम्मद अकरम, लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। अकरम को पत्रकारिता में 8 साल से ज्यादा का अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं। अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, लाइव स्कोर, क्रिकेट शेड्यूल, T20 वर्ल्ड कप 2026, T20 वर्ल्ड कप 2026 शेड्यूल और T20 वर्ल्ड कप 2026 प्वाइंट टेबल की पूरी जानकारी और खिलाड़ियों के आंकड़े हिंदी में पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें।