टी20 विश्व कप के पहले ही मैच में पाकिस्तान से आगे निकला भारत, पॉइंट्स टेबल में नंबर वन टीम
भारत ने अमेरिका को 29 रनों से हराकर ग्रुप ए के पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। भारत ने पाकिस्तान को नीचे खिसकाया, जोकि टी20 विश्व कप के पहले मुकाबले में करीबी भिड़ंत में नीदरलैंड से 3 विकेट से जीता।

भारतीय टीम और पाकिस्तान ने शनिवार को टी20 विश्व कप 2026 में अपने-अपने मुकाबले जीते। हालांकि पाकिस्तान की टीम नीदरलैंड के खिलाफ उलटफेर होने के काफी करीब पहुंच गई थी लेकिन फहीम अशरफ की दमदार पारी की मदद से पाकिस्तान ने आखिरी ओवर में तीन विकेट से जीत दर्ज की। वहीं दूसरी तरफ भारत टी20 विश्व कप के तीसरे मुकाबले में अमेरिका के खिलाफ बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन के बावजूद 29 रनों से जीत हासिल करने में सफल रहा। जीत के साथ भारत और पाकिस्तान की टीमों ने टी20 विश्व कप के ग्रुप ए के पॉइंट्स टेबल में खाता खोल लिया है।
पाकिस्तान ने शनिवार को टी20 विश्व कप के पहले मुकाबले में नीदरलैंड को तीन विकेट से हराया। जीत के लिये 148 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान का स्कोर दस ओवर के बाद दो विकेट पर 90 रन था लेकिन इसके बाद उसने लगातार विकेट गंवाये। एक समय 16.1 ओवर में सात विकेट पर स्कोर 114 रन था और उसे जीत के लिये 34 रन की जरूरत थी। आखिरी दो ओवर में पाकिस्तान को 29 रन चाहिये थे। अशरफ ने लोगान वान बीक की गेंद पर तीन छक्के और एक चौका लगाया और आखिरी ओवर में चौका जड़कर मैच तीन गेंद बाकी रहते पाकिस्तान के नाम किया। इस जीत के साथ पाकिस्तान के ग्रुप ए में दो अंक हो गए हैं टीम का नेटरन रेट +0.240 है। पाकिस्तान तीन मैच के बाद दूसरे स्थान पर है।
गत चैंपियन भारत ने कप्तान सूर्यकुमार यादव की दबाव में खेली गई 84 रन की नाबाद पारी के बाद गेंदबाजों की अनुशासित गेंदबाजी से शनिवार को आईसीसी टी20 विश्व कप के शुरूआती मैच में अमेरिका को 29 रन से हराकर अपना अभियान शुरू किया। खिताब के प्रबल दावेदार भारत के लिए सूर्यकुमार अपने घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम में दबाव भरी परिस्थिति में संभलकर खेलते हुए अंत तक डटे रहे। उन्होंने 49 गेंद की नाबाद पारी में 10 चौके और चार छक्के जड़े।
इससे शीर्ष और मध्यक्रम में सामूहिक बल्लेबाजी नाकामी के बावजूद भारत नौ विकेट पर 161 रन बनाने में कामयाब रहा क्योंकि विकेटों के गिरने से एक समय ऐसा लग रहा था कि पारी बहुत जल्दी खत्म हो जाएगी। इस लक्ष्य का पीछा करते हुए अमेरिका की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 132 रन ही बना सकी। उसके लिए संजय कृष्णमूर्ति और शुभम रंजने ने 37-37 रन तथा मिलिंद कुमार ने 34 रन बनाए। भारत के नई गेंद के गेंदबाज अर्शदीप सिंह (18 रन देकर दो विकेट) और सिराज ने अच्छी शुरूआत की जिससे अमेरिका की टीम 10 ओवर में तीन विकेट पर 49 रन ही बना सकी।
इस जीत के साथ भारत ने पाकिस्तान को ग्रुप ए के पॉइंट्स टेबल में पीछे छोड़ दिया है। भारत और पाकिस्तान के दो-दो अंक हैं लेकिन बेहतर प्रदर्शन के कारण भारत का रन रेट +1.450 है और इस वजह से नेटरन रेट के आधार पर भारत पॉइंट्स टेबल में टॉप पर है। भारतीय टीम अब ग्रुप ए के अपने दूसरे मुकाबले में 12 फरवरी को नामीबिया से भिड़ेगी।
लेखक के बारे में
Himanshu Singhहिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)
हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।
परिचय और अनुभव
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।
खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी



