दीप्ति शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ पंजा मारकर रचा इतिहास, WT20I में बनीं सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज
Deepti Sharma INDW vs PAKW: दीप्ति शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ पंजा खोला। भारत ने धमाकेदार जीत दर्ज की। दीप्ति महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में नंबर-1 गेंदबाज बन गई हैं।

भारत ने रविवार को महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान को 64 रनों से रौंदा। भारत ने बर्मिंघम में 170/6 का स्कोर खड़ा करने के बाद पाकिस्तान को 17 ओवर में 106 रनों पर ढेर किया। ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने कातिलाना गेंदबाजी की। उन्होंने चार ओवर के स्पेल में महज 10 रन खर्च किए और पांच विकेट हासिल झटके। उन्होंने ओपनर गुल फिरोजा (12), आयशा जफर (12) और आलिया रियाज (18) जैसी खिलाड़ियों को आउट किया। 28 वर्षीय दीप्ति ने महिला टी20 वर्ल्ड कप में पहली बार पांच विकेट हॉल लिया है। उन्होंने पंजा मारकर इतिहास रच डाला है। वह महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं। उनके खाते में फिलहाल 145 मैचों में 166 विकेट हैं।
दीप्ति ने थाईलैंड की प्लेयर को पछाड़ा
दीप्ति ने थाईलैंड की प्लेयर थिपात्चा पुत्थावोंग का रिकॉर्ड ध्वस्त किया है। पुत्थावोंग ने अब तक महिला टी20 इटंरनेशनल में 105 मैचों में 165 शिकार किए हैं। तीसरे नंबर पर रवांडा की हेनरीट इशिम्वे हैं। उन्होंने 131 टी20 मुकाबलों में 160 विकेट चटकाए। ऑस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाज मेगन शुट्ट ने 125 मैचों में 152 विकेट लिए हैं। पांचवें पायदान पर थाईलैंड की ओनिचा कामचोम्फु हैं। उन्होंने 137 मुकाबलों में 148 विकेट झटके हैं। बता दें कि दीप्ति महिला टी20 वर्ल्ड कप में पांच विकेट हॉल लेने वाली भारत की तीसरी प्लेयर हैं। उनसे पहले यह कारनामा रेणुका सिंह (2023 में बनाम इंग्लैंड) और प्रियंका रॉय (2009 में बनाम पाकिस्तान) ने किया था।
दीप्ति शर्मा प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गईं
दीप्ति शर्मा का बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी (21 रन पर तीन विकेट) और शेफाली वर्मा (22 रन पर एक विकेट) ने अच्छा साथ निभाया। सलामी बल्लेबाज मुनीबा अली (41) पाकिस्तान की ओर से शीर्ष स्कोरर रहीं। उनके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े को भी नहीं छू पाई। भारतीय टीम के लिए इससे पहले स्मृति मंधाना (44 गेंदों में 68), कप्तान हरमनप्रीत कौर (35 गेंदों में 36) और ऋचा घोष (17 गेंदों में 34) ने शानदार बल्लेबाजी की। मंधाना ने हरमनप्रीत के साथ तीसरे विकेट के लिए 91 रन की दमदार साझेदारी की। दीप्ति 9 गेंदों में 12 रन बनाकर नाबाद रहीं। भारत ने महिला टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ अपना सर्वोच्च स्कोर बनाया। दीप्ति को शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड से नवाजा गया। भारत को टूर्नामेंट में अपने दूसरे मैच में नीदरलैंड (17 जून) से भिड़ना है।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



